कार्तिक-अगहन की पहली सवारी : टूटे मकानों के बीच से निकलेंगे महाकाल

रजत पालकी में सवार होकर बाबा आज जानेंगे प्रजा का हाल, सवारी से पहले नगर निगम के अफसरों ने किया मार्ग का मुआयना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बाबा महाकाल की कार्तिक-अगहन मास की सवारियों का आगाज आज से होगा। सावन-भादौ की तरह इन महीनों में भी बाबा नगर भ्रमण पर निकलेंगे। हालांकि इस बार स्थिति थोड़ी बदली रहेगी। सवारी मार्ग के चौड़ीकरण काम के चलते मकान टूटे पड़े हैं और कई जगह तो मलबा भी सड़क पर पड़ा हुआ है। इन्हीं के बीच से बाबा दर्शन देंगे। शाम 4 बजे मंदिर के सभामंडप में चंद्रमौलेश्वर स्वरूप का विधि-विधान से पूजन-अर्चन होगा।
इसके बाद मुघौटे को रजत पालकी में विराजित किया जाएगा। राजसी ठाठ-बाट के साथ फिर उनका नगर भ्रमण शुरू होगा। अगली सवारी में वे मनमहेश स्वरूप में दर्शन देंगे। सवारी महाकाल मंदिर से शुरू होकर गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां मां क्षिप्रा के जल से भगवान का पूजन-अर्चन किया जाएगा। सवारी में पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहेंगे।
मराठा परंपरा से जुड़ा है सवारी का क्रम
महाकाल मंदिर की परंपराओं पर आज भी मराठा शासनकाल की छाप देखने को मिलती है। महाराष्ट्रीय परंपरा में महीने की शुरुआत शुक्ल पक्ष से मानी जाती है। इसी मान्यता के अनुसार कार्तिक और अगहन माह की सवारियां कार्तिक शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से शुरू होती हैं।
7 दिसंबर को निकलेगी राजसी सवारी
मंदिर प्रशासन के अनुसार 22 नवंबर को हरिहर मिलन की सवारी और 23 नवंबर को दूसरी सवारी निकलेगी। इसके बाद 7 दिसंबर 2026 को अवंतिका के राजा बाबा महाकाल की राजसी सवारी निकाली जाएगी। इन सवारियों में बाबा महाकाल अलग-अलग स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देंगे।
लगातार दो दिन सवारी प्रशासन ने शुरू की तैयारी
22 और 23 नवंबर को लगातार दो दिन सवारी निकलेंगी। मंदिर समिति और प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सवारी मार्ग पर बैरिकेडिंग और रोशनी के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके अलावा चिकित्सा दल, मजिस्ट्रेट ड्यूटी, प्रचार-प्रसार वाहन, महाकाल ध्वज और रजत ढोल की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिर समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
समिति ने श्रद्धालुओं से तय व्यवस्थाओं का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। 22 नवंबर की रात 11 बजे हरिहर मिलन की सवारी निकलेगी। इसके अगले दिन 23 नवंबर को कार्तिक माह की दूसरी सवारी होगी। इस तरह श्रद्धालुओं को लगातार दो दिन बाबा के दर्शन का मौका मिलेगा। हरिहर मिलन पर भगवान महाकाल मनमहेश स्वरूप में दर्शन देंगे।
सवारी मार्ग की सफाई के दिए निर्देश
कार्तिक-अगहन में निकलने वाली बाबा महाकालेश्वर की सवारी के मद्देनजर निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने सोमवार को सवारी मार्ग का मुआयना किया। उन्होंने पूरे मार्ग का पैदल भ्रमण किया और अतिक्रमण हटाने, पेंचवर्क करने, लाइटिंग व्यवस्था करने, आवारा पशुओं को पकडऩे के निर्देश दिए।









