जमीन से बाहर आए गेहूं के पौधे, बेहतर बढ़वार के लिए अब ठंड -पानी की दरकार

रबी सीजन पर संकट : फसलों की स्थिति अभी से ही हुई नाजुक, 20 से 25 दिन के हो चुके हैं पौधे
अल्पवर्षा के कारण तीसरे दिन ही सूखने लग रही जमीन, मावठे की आस में किसान
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस साल की अल्पवर्षा ने रबी सीजन पर संकट खड़ा कर दिया है। रबी की बुआई लगभग पूरी होने हो गई है और गेहूं, चना, लहसुन, प्याज और आलू के पौधे अब जमीन से बाहर भी आने लगे हैं। करीब 20 से 25 दिन की हो चुकी गेहूं फसल को शुरुआती बढ़वार के लिए मिट्टी में पर्याप्त नमी और मौसम में ठंड की जरूरत है। इस बार अल्पवर्षा के कारण खेतों में नमी कम होने से किसानों को सामान्य से ज्यादा सिंचाई करनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि सिंचाई के तीन दिन बाद ही कई खेतों की ऊपरी सतह फिर सूखने लगी है। अब किसानों की नजर मावठे पर टिकी है, ताकि बारिश से खेतों में प्राकृतिक नमी लौटे और फसल को शुरुआती अवस्था में पर्याप्त बढ़वार मिल सके।
किसान बोले स्थिति खराब, सूखा घोषित किया जाए
सांवेर तहसील के दर्जीकराडिया के किसान शुभम पटेल ने बताया कि अल्पवर्षा के चलते इस बार 7 बीघा में चने की फसल लगाई है। मगर उसमें अभी तक एक बार भी पानी नहीं दिया है। सिंचाई के लिए गांव के तालाब पर निर्भर हैं, मगर इस बार पर्याप्त पानी नहीं होने से संकट मंडरा रहा है। ऐसे में अन्य फसल जैसे गेहूं और आलू के उत्पादन पर फर्क पडऩे की आशंका रहेगी।
माकड़ौन तहसील के ढाबला हर्दू के किसान धीरज कुमार ने बताया कि ें फसलों की स्थिति गंभीर है। अभी तो पौधे बाहर ही नहीं आए है और जल स्त्रोतों में पानी खत्म हो रहा है। अगर ऐसी स्थिति रहीं तो उत्पादन पर ५० फीसदी असर पड़ सकता है। अभी फसल में केवल एक बार पानी दिया है और पानी खत्म होने की कागार पर है। ऐसे में किसानों की आस अब मावठे पर है।
झारड़ा तहसील के गांव टिल्याखेड़ी के किसान विकास रावल ने बताया कि इस बार गेहूं का रकबा कम करते हुए सरसों और राई का रकबा बढ़ाया है मगर अभी बीज से पौधे बाहर ही नहीं आए हैं ओर पानी खत्म होने लगा है। कुओं ने अभी से जवाब दे दिया है। अगर पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया तो लागत ही निकल पाएगी। अब तो किसानों को अच्छी ठंड और एक दो मावठे की जरूरत लग रही है।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को उपलब्ध जल संस्थानों का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। किसान इन उपायों को अपना सकते हैं-
फसल की आवश्यकता एवं मिट्टी में उपलब्ध नमी के अनुसार ही सिंचाई करें।
संभव हो तो स्प्रिंकलर और ड्रिप पद्धति अपनाएं, जिससे पानी की बचत हो सकें
खरपतवार को नियंत्रण रखें, क्योंकि खरपतवार भी फसल के साथ पानी एंव पोषक तत्वों को ग्रहण करती है।
खेत की मेड़ों को मजबूत रखें ताकि वर्षा और सिंचाई का पानी खेत में अधिक समय तक ठहर सके ।
गेहूं की फसल में क्राउन रूट इनिशिएशन (सीआरआई) अवस्था अर्थात् बुवाई के लगभग 20 से 25 बाद की सिंचाई का विशेष ध्यान रखें।
कृषि विभाग कि अपील
सहायक संचालक कृषि कमलेश कुमार राठौर ने बताया कि किसान पानी की उपलब्धता को देखते हुए ही पानी का उपयोग सावधानी से करें। अनावश्यक सिंचाई से बचें तथा मिट्टी की नमी को संरक्षित रखने के उपाय अपनाएं। उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित प्रंबधन ही फसलों को सुरक्षित रखने और भविष्य में संभावित जल संकट से बचने में सहायक होगा।









