पांच गुना महंगे टेंडर ने बिगाड़ा मेले का गणित झूला व्यापारी मैदान छोडऩे को हो गए मजबूर!

महंगाई की मार : झूलों के बिना ही सिमट जाएगा क्या उज्जैन का कार्तिक मेला?
उज्जैन। कार्तिक पूर्णिमा (24नवंबर)से शुरू होने वाले पारंपरिक कार्तिक मेले में इस बार मनोरंजन का संकट मंडरा रहा है। झूलों को लेकर नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया अब तक उलझी हुई है। 19 बड़े झूलों के भूखंडों में से महज 6 के ही टेंडर हुए हैं। शेष १३ भूखंडों के टेंडर यूं तो बुधवार को खुलने हैं, लेकिन जिस तरह से पहली टेंडर प्रक्रिया से व्यापारियों ने दूरी बनाई है, उससे बड़े झूलों को लेकर संशय बना हुआ है। अगर दूसरी बार भी टेंडर नहीं आते हैं तो इस बार झूलों का गणित बिगड़ सकता है।
दरअसल, पहली बार में टेंडर नहीं होने का मुख्य कारण है भूखंडों की बढ़ी दरें। पिछले चार वर्षों से जिन झूलों के लिए करीब 1.50 से 2.50 लाख रुपए तक की राशि निर्धारित थी, इस बार यह टेंडर राशि लगभग पांच गुना है। ऐसे में व्यापारी टेंडर भरने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
व्यापारी दे चुके प्रस्ताव समाधान का इंतजार
झूला एवं चकरी संचालक बढ़ी दर को लेकर निगम प्रशासन को लिखित आवेदन दे चुके हैं। इसमें बढ़ी टेंडर राशि पर ऐतराज जताया गया है। व्यापारी पहले वाली दर चाहते हैं, ताकि वे अपनी आर्थिक क्षमता अनुसार बोली लगा सकें।
पूर्व की तरह 50 फीसदी राशि देने को तैयार
यह व्यापारी पूर्व की तरह प्रस्तावित राशि का 50 प्रतिशत जमा कराने को तैयार हैं। शेष राशि भी यह 15 दिनों में जमा कराना चाहते हैं, पर अभी तक कोई फैसला नहीं हो सका है।
सभापति से गुहार
झूला व्यापारी इस संबंध में निगम सभापति के सामने भी गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने भूखंड की दर कम करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि टेंडर और आवंटन प्रक्रिया में देरी के कारण झूले लगाने के लिए पर्याप्त समय भी नहीं बचा है। ऐसे में सात दिन के भीतर झूलों की व्यवस्था करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
ऑनलाइन व्यवस्था खुद करप्ट
ऑनलाइन टेंडर की व्यवस्था खुद करप्ट हैं। लोग टेंडर भरकर जमीन आवंटित करा लेते हैं, बाद में इसे ज्यादा दाम पर झूलेवालों को दे देते है। इस बार लोग टेंडर डालने के इच्छुक नहीं हैं।
सुरेंद्र सारवान, अध्यक्ष, कार्तिक मेला व्यापारी एसोसिएशन
इधर, नगरनिगम प्रशासन ने दावा किया है कि कार्तिक मेला के भूखंड आवंटन की प्रक्रिया ऑनलाइन करने से निगम के खजाने में 1 करोड़ 92 लाख रुपए से अधिक की राशि आई है। यह राशि पहले और दूसरे टेंडर से मिली है। अभी तीसरा टेंडर होना बाकी है। तब आय का आंकड़ा और बढ़ जाएगा।









