अतिथियों के नामों पर अटका अभा कालिदास समारोह, दो दिन शेष , अब तक नाम तय नहीं

कभी राष्ट्रपति और राज्यपाल स्तर के अतिथियों से गौरवान्वित होता रहा कालिदास समारोह
अब अंतिम समय तक अतिथियों के नाम तय करने की कवायद
उज्जैन। महाकवि कालिदास की साहित्यिक और सांस्कृृतिक विरासत को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला अखिल भारतीय कालिदास समारोह इस वर्ष भी अव्यवस्थाओं और औपचारिकताओं के बीच सिमटता नजर आ रहा है। 21 नवंबर से समारोह का शुभारंभ होना है और आयोजन में महज दो दिन शेष रह गए हैं, लेकिन विडंबना यह है कि समारोह के शुभारंभ और समापन के मुख्य अतिथि कौन होंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आ सकी है। जिस आयोजन की पहचान देश के बड़े साहित्यकारों, विद्वानों, राजनेताओं और संवैधानिक पदों पर बैठे विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति से रही है, वहां इस बार अतिथियों के नाम तय करने की प्रक्रिया ही अंतिम समय तक अधर में लटकी हुई है।
कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. गोविंद गंधे ने बताया कि भोपाल से जानकारी मिली है कि अतिथियों के नाम तय हो चुके हैं, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शुभारंभ और समापन समारोह में किन्हें आमंत्रित किया जा रहा है। परंतु सवाल यह है कि जब आयोजन की तारीख पहले से निर्धारित है और तैयारियां लंबे समय से चल रही हैं, तो अतिथियों के नामों को लेकर इतनी देरी क्यों की जा रही है?
हर वर्ष अतिथियों के नाम तय होने में होती है देरी
अखिल भारतीय कालिदास समारोह में अतिथियों के नाम तय होने में देरी अब हर वर्ष की समस्या बनती जा रही है। आयोजन की तारीख पहले से निर्धारित होने के बावजूद अतिथियों के नाम अंतिम समय तक सामने नहीं आते। इस बार भी समारोह के महज दो दिन पहले तक यही स्थिति बनी हुई है। सवाल यह है कि जब आयोजन की रूपरेखा और तारीख पहले से तय होती है तो अतिथियों का चयन समय रहते क्यों नहीं हो पाता?
राष्ट्रपति व राज्यपाल स्तर के अतिथियों से अब औपचारिकता तक का सफर
एक समय था जब अखिल भारतीय कालिदास समारोह में राष्ट्रपति, राज्यपाल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होती थीं। उनकी मौजूदगी समारोह की गरिमा और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देती थी। देशभर के साहित्यकारों, संस्कृत विद्वानों और कला-संस्कृति से जुड़ी हस्तियों के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण मंच हुआ करता था। लेकिन अब स्थिति यह है कि समारोह के शुभारंभ से महज दो दिन पहले तक अतिथियों के नामों की घोषणा नहीं हो सकी है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कालिदास समारोह भी धीरे-धीरे केवल मंचीय कार्यक्रमों और औपचारिकताओं तक सीमित होता जा रहा है?
उद्घाटन में शामिल हो सकते हैं उपराष्ट्रपति या ओम बिरला
सूत्रों के अनुसार इस बार समारोह के उद्घाटन को खास बनाने के लिए प्रदेश सरकार उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन या लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभी तक किसी की ओर से स्वीकृति मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि कौन होंगे, यह आमंत्रण स्वीकार होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
निमंत्रण कार्ड की डिजाइन तैयार, छपाई अटकी
समारोह के निमंत्रण कार्ड की डिजाइन तैयार कर ली गई है, लेकिन अतिथियों के नाम तय नहीं होने के कारण कार्ड की छपाई नहीं हो सकी है। नाम मिलते ही कार्ड छपवाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि लेकिन छपने वाले कार्ड में सिर्फ समापन के अतिथियों के नाम ही रहेंगे। आयोजन की तारीख नजदीक होने के बावजूद निमंत्रण पत्रों का तैयार नहीं होना व्यवस्थाओं की गति पर सवाल खड़े कर रहा है।
पूर्व अनुरोध पत्र भेजे
समारोह के कार्यक्रमों की जानकारी और सहभागिता के लिए पूर्व में ही अनुरोध पत्र भेजे जा चुके हैं। यानी कार्यक्रमों की तैयारियां अपनी जगह चल रही हैं, लेकिन शुभारंभ और समापन के अतिथियों के नामों को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। अतिथियों के नाम तय होने में हो रही देरी के कारण निमंत्रण की अगली प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
ई-कार्ड और सोशल मीडिया का लेंगे सहारा
डॉ. गोविंद गंधे के अनुसार यदि बुधवार शाम या गुरुवार सुबह तक शुभारंभ के अतिथियों के नाम तय हो जाते हैं तो ई-कार्ड, सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से अतिथियों के नामों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यानी समय कम होने के कारण पारंपरिक निमंत्रण के साथ डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लेना पड़ेगा।
4.35 करोड़ रुपए है कालिदास समारोह 2026 का बजट
इस बार कालिदास समारोह का बजट भी चर्चा में है। वर्ष 2026 के आयोजन के लिए कुल 4 करोड़ 35 लाख रुपए निर्धारित किए गए हैं। पिछले वर्षों की तुलना करें तो समारोह के बजट में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार बजट में 1.35 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। यह करीब 45 प्रतिशत अधिक है। गौर करने वाली बात यह भी है कि वर्ष 2025 में 3 करोड़ रुपए के बजट में से 2 करोड़ 28 लाख 56 हजार 567 रुपए खर्च हुए थे।
पहले राष्ट्रपति करते थे शुभारंभ अब विभागीय मंत्री तक सीमित
कालिदास समारोह के प्रथम आयोजन का शुभारंभ करने के लिए प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद आए थे। इसके बाद डॉ. शंकरदयाल शर्मा तक राष्ट्रपति के आने का क्रम चलता रहा। इससे समारोह देशभर में चर्चा का विषय रहता था। लेकिन बीते कुछ वर्षों से समारेाह का शुभारंभ और समापन कार्यक्रम विभागीय मंत्रियों तक सीमित हो गया है ।
कभी राष्ट्रपति करते थे शुभारंभ अब विभागीय मंत्री तक सीमित
देश ही नहीं विदेशों तक अपनी कीर्ति का परचम लहराने वाले अभा कालिदास समारोह का शुभारंभ कभी राष्ट्रपति के हाथों होता था, जो अब वर्तमान में सिर्फ मुख्यमंत्री, राज्यपाल या विभागीय मंत्री तक ही सिमट कर रह गया है। इसमें बड़े नेताओं को बुलाया नहीं जा रहा या फिर वे आना ही नहीं चाहते।









