दरिंदगी के बाद ब्लैकमेलिंग का खेल, वीडियो बनाकर छात्रा को डराया

इंदौर शहर में दरिंदगी की 2 वारदात आई सामने…
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के तमाम दावों को मुंह चिढ़ाते हुए भरोसे के कत्ल के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। तिलक नगर और तेजाजी नगर थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म की अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं। एक तरफ जहां चार महीने पुरानी पहचान का फायदा उठाकर युवक ने 18 वर्षीय छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया, वहीं दूसरी ओर शादी के झूठे ख्वाब दिखाकर एक युवक ६ साल तक दो बेटियों की मां की अस्मत लूटता रहा। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तिलक नगर पुलिस के मुताबिक, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की पहचान जुलाई 2026 में शुभ लाभ वैली निवासी विकास मिश्रा से हुई थी। 20 जुलाई को विकास उसे 56 दुकान के पीछे कैफे में मिलने के बहाने अपने घर ले गया और दुष्कर्म कर फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार शोषण किया और 25 अक्टूबर को स्कीम-140 के एक कैफे में बुलाकर मारपीट भी की। तनाव में रहने पर परिजनों ने पूछा तो छात्रा ने आपबीती सुनाई और पिता के साथ थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया।
झांसा देकर 6 साल तक महिला की अस्मत लूटी
उधर, तेजाजी नगर पुलिस ने स्थानीय निवासी गणेश सुरागे के खिलाफ 32 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। महिला 2020 में अपनी दो बेटियों के साथ मायके आई थी, जहां उसकी पहचान गणेश से हुई। आरोपी ने शादी का वादा कर दिसंबर 2020 और नवंबर 2023 में संबंध बनाए। वह अलग कमरा लेकर शादी करने का झांसा देता रहा। 11 नवंबर 2026 को आरोपी ने लिंबोदी के एक होटल में ले जाकर फिर दुष्कर्म किया और 14 नवंबर को शादी से मुकर गया। इसके बाद महिला ने बेटियों को पूरी बात बताई और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।









