हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट में बनेंगी अब 16 नई टंकियां, शहर में हो जाएंगी 54

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर की जलप्रदाय व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लाए गए हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट में अब 19 की जगह 16 टंकियां ही बनेंगी। इन टंकियों के बनने और पुरानी तीन टंकियों के हटने के बाद शहर में 54 टंकियां हो जाएंगी। 8 लाख की आबादी तक इनके माध्यम से पानी आसानी से पहुंचाया जा सकेगा।
दरअसल, शहर में जल रहे 1100 करोड़ के हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट को जलप्रदाय के लिए क्रांतिकारी माना जा रहा है। इसके तहत पूरे शहर में राइजिंग से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन लाइन बिछाई जा रही हैं। काम की रफ्तार काफी तेज है और दिसंबर 2027 के अंत तक इसके पूरा होने की उम्मीद है। पहले प्रोजेक्ट में 19 नई टंकियां बननी थीं लेकिन कुछ जगह टंकियों की जगह पास-पास आ जाने के कारण इनकी संख्या अब १६ कर दी गई है। पुरानी 41 में से तीन टंकियों की हालत खराब होने से उन्हें अगले चरण में हटाया जाएगा और इस तरह 38 टंकियां पुरानी रह जाएंगी। 16 नई और 38 पुरानी टंकियों को मिलाकर शहर में 54 टंकियां हो जाएंगी। यानी अभी के हिसाब से हर वार्ड में एक टंकी होगी।
निगमायुक्त ने किया मुआयना
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने गुरुवार को हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट के काम को देखा और जरूरी निर्देश दिए।









