Popup Image

किसने दी सैफ को जान से मारने की धमकी?

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चर्चा में हैं। उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में जीशान ने दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।

Advertisement

मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां धमकी के पीछे किसी गैंग का हाथ होने से लेकर फर्जी पहचान के इस्तेमाल तक सभी संभावित पहलुओं को खंगाल रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी कहां से भेजी गई और इसके पीछे किसका मकसद है।

तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी मिल चुकी हैं धमकियां

Advertisement

सैफ अली खान से पहले बॉलीवुड के दूसरे कलाकार भी इस तरह की धमकियों का सामना कर चुके हैं। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरे संदेश मिले थे।

इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वह IIT ग्रेजुएट है। जांच में सामने आया था कि उसका किसी गैंग से सीधा संबंध नहीं था। उस पर आरोप था कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फिल्मी कलाकारों को धमकी दे रहा था।

Advertisement

गैंगस्टर का हाथ या फर्जी पहचान, दोनों एंगल से जांच

मुंबई पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि सैफ अली खान को मिली धमकी के पीछे जीशान अख्तर ही है या नहीं। जांच अधिकारियों को आशंका है कि कोई दूसरा व्यक्ति भी जीशान के नाम का इस्तेमाल कर सकता है। पुलिस की तकनीकी टीम धमकी भेजने वाले की पहचान और डिजिटल फुटप्रिंट का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी गैंग के नाम पर डर फैलाने की कोशिश तो नहीं की जा रही।

कौन है जीशान अख्तर, जिसका नाम आया सामने?

जीशान अख्तर का नाम अक्टूबर 2024 में हुए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में सामने आया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर शूटरों को लॉजिस्टिक मदद देने और हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं। इस मामले में जीशान लंबे समय से फरार बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं। यही वजह है कि सैफ अली खान को मिली धमकी में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।

जनवरी 2025 में घर में घुसकर सैफ पर हुआ था चाकू से हमला

सैफ अली खान पर 15 जनवरी 2025 को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर सतगुरु शरण अपार्टमेंट में हमला हुआ था। एक हमलावर घर में घुस आया था और उसने एक्टर पर चाकू से कई वार किए थे। इस हमले में सैफ को पीठ, गर्दन, कलाई, कंधे और कोहनी समेत पांच जगह चोटें आई थीं। उन्हें उनके दोस्त अफसर जैदी ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां उनकी सर्जरी की गई और इलाज के बाद 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी मिली। पुलिस ने इस मामले में दो दिन बाद बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था।

सैफ अली खान की सुरक्षा को लेकर फिर बढ़ी चिंता

पहले हुए हमले के बाद सैफ अली खान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। अब एक बार फिर धमकी मिलने की खबर सामने आने से उनकी सुरक्षा चर्चा में है। फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि इसके पीछे किसी गैंग का हाथ है या किसी व्यक्ति ने फर्जी नाम से यह धमकी दी है।

यह भी पढ़े: पंचायत 5: फुलेरा में बनराकस का राज, सचिव जी की बढ़ेंगी मुश्किलें

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें