550 किलोमीटर तक करेंगे शिप्रा प्रदक्षिणा, करेंगे जागरुक

त्रिशूल शिवगण वाहिनी की दूसरी शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा 21 से 24 नवंबर तक , नदी किनारे के आठ पड़ाव पर होगी धर्म संसद
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मोक्षदायिनी शिप्रा को सदा प्रवाहमान और प्रदूषणमुक्त करने के लिए त्रिशूल शिवगण वाहिनी की दूसरी शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा 21 नवंबर से शुरू होगी। 4 दिन में यात्री वाहनों के जरिये करीब 550 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इस दौरान वे यात्रा के 8 पड़ाव पर रुककर लोगों को धर्मसभा के जरिये जागरुक करेंगे। यात्रा की खास बात यह है कि शिप्रा के उद्गम से समापन तक होने वाली यह यात्रा नदी के दोनों तरफ उसे पार किए बगैर होगी।
त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी और आदित्य नागर ने बताया कि यात्रा की शुरुआत 21 नवंबर को सुबह 8 बजे रामघाट पर मां शिप्रा के पूजन से होगी। शंकराचार्य अविमुक्तेवरानंद सरस्वती वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। पूजन उपरांत यात्रा शिप्रा के उद्गम स्थल केवडेश्वर की ओर रवाना होगी। यात्रा में महामंडलेश्वर शैलेषानंद गिरी, विशालदास, महंत नीलेशानंद, मित्रवृंदाधाम के पं. गिरीश गुरु पूरे समय शामिल रहेंगे। चार दिनी यात्रा में कुल 8 पड़ाव होंगे। चार दिन और चार रात में रहेंगे। हर पड़ाव स्थल पर धर्मसंसद होगी। इसमें शिप्रा को प्रदूषण और प्रवाहमान बनाने पर चर्चा की जाएगी।
आइए जानते हैं यात्रा को
21 नवंबर- रामघाट से शुरू। पहला पड़ाव दोपहर में दक्खनखेड़ा। दिन के भोज के साथ फिर से केवडेश्वर (शिप्रा के उद्गम स्थल) के लिए रवानगी। यहां रात्रि विश्राम। दिनभर में 130 किलोमीटर का सफर।
22 नवंबर- केवेडेश्वर से दूसरे दिन की यात्रा का शुभारंभ। दोपहर में सांवेर में विश्राम और भोजन। अल्पविराम के बाद उज्जैन के लिए रवानगी। मोहनपुरा क्षेत्र स्थित उपनिषद् आश्रम में रात्रिविश्राम। धर्म संसद। दूरी 135 किलोमीटर।
23 नवंबर- उज्जैन से सिपावरा (शिप्रा-चंबल संगम स्थल) के लिए रवानगी। दोपहर विश्राम मेलनाथ उन्हेल में। आलोट होते हुए सिपावरा में रात्रि विश्राम । दूरी करीब 150 किलोमीटर।
24 नवंबर- सिपावरा से रवानगी। राजस्थान के चौमहला होते हुए उज्जैन वापसी। दोपहर विश्राम नारायणा में। यहां से अंगारेश्वर, सांदीपनि आश्रम होते हुए रामघाट। दूरी 135 किलोमीटर।
चतुर्वेदी और नागर ने बताया कि अब तक करीब २५० लोगों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराए हैं। फोर व्हीलर से यात्रा रवाना होगी। हर पड़ाव पर धर्मसंसद होगी। इसमें शिप्रा को लेकर जागरुकता फैलाई जाएगी।









