महीनेभर फोन चार्ज करने में कितनी बिजली खर्च होती है?

आज के समय में स्मार्टफोन के बिना दिन बिताना मुश्किल है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक फोन का इस्तेमाल होता रहता है। कभी कॉलिंग, कभी सोशल मीडिया तो कभी वीडियो देखने के लिए मोबाइल लगातार काम आता है। ऐसे में इसकी बैटरी खत्म होना भी आम बात है।
कई लोग दिन में एक या दो बार फोन चार्ज करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोजाना मोबाइल चार्ज करने से महीनेभर में कितनी बिजली खर्च होती है? क्या इसका असर आपके बिजली बिल पर भी पड़ता है? इसका जवाब जानकर आप हैरान हो सकते हैं। आइए आसान कैलकुलेशन से समझते हैं।
एक बार फोन फुल चार्ज करने में कितनी बिजली लगती है?
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में 5000mAh की बैटरी देखने को मिलती है। सामान्य तौर पर ऐसी बैटरी की ऊर्जा क्षमता करीब 20 वॉट-घंटे होती है। हालांकि, फोन को चार्ज करते समय सॉकेट से इस्तेमाल होने वाली पूरी बिजली बैटरी में स्टोर नहीं होती। चार्जिंग के दौरान कुछ ऊर्जा गर्मी और पावर कन्वर्जन में खर्च हो जाती है। सामान्य तकनीकी अनुमान के मुताबिक, 5000mAh बैटरी वाले स्मार्टफोन को 0 से 100 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 0.019 यूनिट बिजली खर्च हो सकती है। यानी एक बार फोन फुल चार्ज करने में एक यूनिट बिजली का बहुत छोटा हिस्सा इस्तेमाल होता है।

यानी रोजाना एक बार मोबाइल चार्ज करने पर पूरे महीने में एक यूनिट से भी कम बिजली खर्च होती है। इससे साफ है कि फोन चार्जिंग की बिजली खपत घर के दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के मुकाबले काफी कम होती है।
फोन चार्ज करने से महीनेभर में कितना बढ़ता है बिजली बिल?
बिजली की खपत जानने के बाद अब बात करते हैं जेब पर पड़ने वाले खर्च की। मान लीजिए आपके यहां बिजली की कीमत 8 रुपए प्रति यूनिट है।
ऐसे में महीनेभर फोन चार्ज करने का खर्च इस तरह होगा:
- मासिक बिजली खपत: 0.57 यूनिट
- बिजली की कीमत: 8 रुपए प्रति यूनिट
- कुल खर्च: करीब 4.56 रुपए
यानी रोजाना एक बार फोन फुल चार्ज करने पर महीनेभर में लगभग 5 रुपए का बिजली खर्च आता है।
अगर आप दिन में दो बार फोन चार्ज करते हैं, तो यह खर्च करीब 9 से 10 रुपए महीने तक पहुंच सकता है।
क्या फास्ट चार्जर से ज्यादा बिजली खर्च होती है?
आजकल स्मार्टफोन के साथ 25W, 45W, 67W और 120W तक के फास्ट चार्जर मिलते हैं। इनकी मदद से फोन कम समय में चार्ज हो जाता है। हालांकि, ज्यादा वॉट वाले चार्जर का मतलब यह नहीं है कि हर बार बिजली की खपत भी उतनी ही ज्यादा होगी। चार्जर फोन की जरूरत के अनुसार बिजली देता है। वास्तविक खपत बैटरी की क्षमता, चार्जिंग की स्थिति और चार्जर की दक्षता पर निर्भर करती है।
इसलिए फोन के साथ मिलने वाले सही और अच्छी क्वालिटी के चार्जर का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।

कुल मिलाकर, रोजाना स्मार्टफोन चार्ज करने से आपके बिजली बिल पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ता। अगर आप दिन में एक बार फोन फुल चार्ज करते हैं, तो महीनेभर का खर्च करीब 5 रुपए ही बैठता है। यानी फोन चार्जिंग को लेकर बिजली बिल की ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़े: Google Play Awards: इन ऐप्स और गेम्स ने मारी बाजी









