Popup Image

महाकाल में आस्था की सौगात, एक ही छत के नीचे सजेगा स्मृति चिह्न केंद्र

धार्मिक पुस्तकों, पूजन सामग्री और महाकाल थीम उत्पादों के साथ मालवा के हस्तशिल्प को भी मिलेगा स्थान, मंदिर समिति ने आमंत्रित किए प्रस्ताव

Advertisement

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को अब भगवान महाकाल से जुड़ी स्मृतियां और धार्मिक सामग्री खरीदने के लिए अलग-अलग दुकानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। मंदिर प्रबंध समिति ने मंदिर परिसर में एक नए स्मृति चिह्न केंद्र के विकास की योजना तैयार की है। इस केंद्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक ही छत के नीचे भगवान महाकाल से संबंधित तस्वीरें, धार्मिक पुस्तकें, पूजन सामग्री और विभिन्न प्रकार के स्मृति चिह्न उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही मालवा और मध्यप्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को भी इस केंद्र में विशेष स्थान देने की तैयारी है।

दरअसल, श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन देशभर से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पर्व, त्योहारों और विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या लाखों तक पहुंच जाती है। दर्शन के बाद अनेक श्रद्धालु भगवान महाकाल से जुड़ी कोई स्मृति अपने साथ ले जाना चाहते हैं। इनमें महाकाल की तस्वीरें, धार्मिक साहित्य, पूजन सामग्री, प्रतिमाएं और अन्य धार्मिक वस्तुएं प्रमुख होती हैं। वर्तमान में इन वस्तुओं की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर के आसपास स्थित अलग-अलग दुकानों पर जाना पड़ता है। ऐसे में मंदिर प्रबंध समिति का यह प्रयास श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सुविधाजनक खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Advertisement

महाकाल थीम पर आधारित होंगे स्मृति चिह्न
प्रस्तावित स्मृति चिह्न केंद्र में भगवान महाकाल की महिमा और धार्मिक परंपराओं से जुड़े विभिन्न उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। यहां महाकाल की आकर्षक तस्वीरें, स्मृति स्वरूप रखने योग्य वस्तुएं, धार्मिक पुस्तकें, पूजन सामग्री और अन्य आध्यात्मिक उत्पादों को स्थान दिया जाएगा। इससे श्रद्धालु अपनी उज्जैन यात्रा की याद के रूप में महाकाल से जुड़ी वस्तुएं अपने घर ले जा सकेंगे। केंद्र में उपलब्ध कराए जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और उनकी विविधता पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी रुचि के अनुरूप सामग्री मिल सके।

मालवा की कला और संस्कृृति को भी मिलेगा मंच

Advertisement

इस केंद्र की एक विशेषता यह भी होगी कि यहां केवल धार्मिक सामग्री ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की स्थानीय कला और हस्तशिल्प को भी प्रदर्शित एवं विक्रय के लिए रखा जाएगा। मालवा क्षेत्र के पारंपरिक हस्तशिल्प, हैंडलूम उत्पाद और स्थानीय कलाकारों द्वारा तैयार कलाकृतियों को स्थान मिलने से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का अवसर मिलेगा। मंदिर में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक इन उत्पादों के माध्यम से मालवा की कला, परंपरा और शिल्प कौशल से भी परिचित हो सकेंगे। इससे स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को भी अपने उत्पादों के लिए एक बेहतर बाजार उपलब्ध होने की संभावना है।

निविदा के माध्यम से होगा विकास और संचालन

मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार स्मृति चिन्ह केंद्र के विकास और संचालन के लिए इच्छुक एजेंसियों एवं संचालकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी। चयन की प्रक्रिया दो-कवर प्रणाली के तहत होगी, जिसमें एजेंसियों के तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव अलग-अलग प्रस्तुत किए जाएंगे। तकनीकी योग्यता, कार्य की गुणवत्ता और वित्तीय प्रस्तावों के मूल्यांकन के आधार पर उपयुक्त एजेंसी का चयन किया जाएगा।

मंदिर प्रबंध समिति की इस पहल से श्रद्धालुओं को खरीदारी की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही महाकाल की धार्मिक पहचान से जुड़े उत्पादों को एक व्यवस्थित मंच मिलेगा। वहीं, स्थानीय कला और हस्तशिल्प को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है। आने वाले समय में यह केंद्र महाकाल दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक स्मृतियों के साथ मालवा की सांस्कृतिक विरासत से जुडऩे का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें