महाकाल घाटी से चौराहे तक काम अब छोटे छोटे टुकड़ों में होगा, आवाजाही से बदला प्लान

सिंहस्थ की तैयारी : फील्ड में अफसरों की भागदौड़ हुई जारी, मुआयने पर मुआयने, इंजीनियरों को मिल रहे निर्देश
कलेक्टर, निगमायुक्त और स्मार्टसिटी सीईओ ने देखें निर्माण काम, इंजीनियर अब रोजाना साइट पर जाएंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकालघाट से चौराहे तक बन रही रोड अब छोटे-छोटे टुकड़ों में बनेगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए स्मार्टसिटी प्रशासन ने यह फैसला किया है। सिंहस्थ निर्माण कार्यों को देखने के लिए बुधवार को भी अफसर फील्ड में दौड़ते रहे। कलेक्टर, निगमायुक्त और सीईओ स्मार्टसिटी ने अपने-अपने दायरे के काम देखें।
दरअसल, सिंहस्थ की तैयारी अब परवान चढ़ रही है। इस वित्तीय वर्ष के अंत तक ज्यादा से ज्यादा काम पूरे करने का लक्ष्य प्रशासनिक टीम ने रखा है, क्योंकि मानसूनी सीजन के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह सिंहस्थ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं जुटाने के काम में लगेगा, ऐसे में इंफ्रा संबंधित काम को समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में अफसर लगातार कामों की मॉनिटरिंग कर रहे है।
मैनपावर कम बढ़ाने के निर्देश
स्मार्टसिटी की सीईओ डॉ. नेहा जैन ने बुधवार को स्मार्टसिटी के काम देखें। झालरिया मठ-रामघाट मार्ग, महाकाल पार्किंग- चौबीस खंबा मार्ग और महाकाल मंदिर- महाकाल घाटी मार्ग का उन्होंने मुआयना किया। डॉ. जैन ने झालरिया मठ के पास बन रहे शौचालय एवं कोबल स्टोन फ्लोरिंग का स्लोप देखा।
महाकाल पार्किंग-चौबीस खंबा मार्ग पर पर्याप्त मैनपावर नहीं होने पर नाराजगी जताई और एजेंसी को दिसंबर 2026 तक रिटेनिंग वॉल एवं सड़क पूरी करने के निर्देश दिए। इसी तरह महाकालघाटी-महाकाल चौराहा पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए इस सड़क को पेंच (छोटे-छोटे टुकड़े) में बनाने का कहा, ताकि काम प्रभावित नहीं हो। सीईओ ने काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई और टाइमलाइन पर फोकस करने का कहा।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन सड़के देखीं, कहा रोजाना साइट पर जाकर मार्ग की प्रगति देखें इंजीनियर
बुधवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्माणाधीन सड़कें देखीं और इंजीनियरों से कहा कि वे रोजाना साइट विजिट कर मार्ग की प्रोगेस खुद चैक करें। कलेक्टर ने वाकणकर ब्रिज दाऊदखेड़ी, एनएचएआई जंक्शन से सिंकदरी, दाऊदखेड़ी, लालपुल से चिंतामन गणेश वाया एनएचएआई जंक्शन तथा पंवासा फ्लैग स्टेशन एप्रोच रोड का मुआयना किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि से रोजाना के सड़क कास्टिंग की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिन मार्गों पर ट्रैफिक नहीं है, वहां काम को तेज गति से करें। इंजीनियर के लिए उन्होंने रोजाना साइट विजिट अनिवार्य कर दी। तकनीकी अथवा समन्वय संबंधी समस्या आने पर उसका तत्काल हल निकालने का कहा। कलेक्टर ने पंवासा फ्लैग स्टेशन के एप्रोच रोड का काम भी देखा।
रामानुज कोट-दानी गेट से अस्थायी अतिक्रमण हटेंगे निगमायुक्त बोले- प्रभावित यूनिट की तुड़ाई करें
बुधवार को निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने दानीगेट-रामानुजकोट सड़क चौड़ीकरण काम का मुआयना किया। उन्होंने अस्थायी अतिक्रमण तत्काल हटाने और चौड़ीकरण के दायरे में आ रही यूनिटों की तुड़ाई करने का कहा। मिश्रा ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में ही पूर्ण करें, जिन कार्यों की अपेक्षित गति नहीं है, वहां अतिरिक्त श्रमिक एवं आवश्यक संसाधन बढ़ाए जाए। निगम आयुक्त के आदेश के बाद मोढ़ की धर्मशाला से दानी गेट मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मकान-दुकानों को हटाने का काम शुरू हुआ।









