खुशियां छाईं मातम में, काल ने छीन लीं एक ही परिवार की 9 जिंदगियां…

कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार क्रूजर पीछे से जा घुसी
हादसे में परिवार की कई पीढिय़ों के सदस्य काल के गाल में समा गए
कोटा, एजेंसी। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार क्रूजर पीछे से जा घुसी। हादसे में क्रूजर सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं ट्रक चालक सहित 7 लोग घायल हुए हैं।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक क्रूजर में एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। परिवार के कुल 36 सदस्य मंगलवार को तीन अलग-अलग वाहनों से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन के अलावा राजस्थान के सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर के दर्शन किए। शनिवार सुबह करीब 11 बजे सभी खाटूश्यामजी पहुंचे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर नाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत के बाद शवों को निकाला।
हादसे में पति-पत्नी, बेटा बहू और पोती की मौत
हादसे में सज्जन पवार (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटे कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और सानवी (3) की मौत हो गई। सज्जन और बाबूलाल सगे भाई थे। कैलाश सैलून का काम करता था। हादसे में परिवार की कई पीढिय़ों के सदस्य काल के गाल में समा गए।









