शाजापुर : दोस्ती निभाने गए छात्र की दर्दनाक मौत

ऐ दोस्त तुझे नमन, अपने साथी को रात दस बजे ट्रेन में बैठाने आया था, हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आया, दम तोड़ दिया
11वीं का विद्यार्थी था विनायक दीपोत्सव कार्यक्रम से लौटा था मित्र तन्मय को इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट से भोपाल जाना था
विनायक पेट्रोल से भरी मालगाड़ी के वैगन की सीढिय़ां चढऩे लगा धमाका हुआ, विनायक नीचे गिरा कुछ देर तड़पा और शांत हो गया
शाजापुर। विनायक और तन्मय ११वीं में पढ़ रहे थे। दोनों में गहरी दोस्ती थी। एक हादसे ने एक दोस्त को हमेशा के लिए दूसरे दोस्त से छीन लिया। वह कड़ाके की सर्दी में अपना दोस्ती का धर्म निभाने के लिए घर से निकला था। जाते समय बोला, तन्मय भोपाल जा रहा है, उसे ट्रेन में बैठा कर अभी आता हूं। विधाता को कुछ और ही मंजूर था। तन्मय लौट कर नहीं आया। आई तो उसकी मौत की खबर। वह खबर जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे के कुएं में धकेल दिया। परिवार का अकेला चश्मो-चिराग एक पल में बुझ गया। विनायक इस गम को कभी नहीं भूल पाएगा। रह रह कर उसे तन्मय याद आएगा। याद आएंगी उसकी बातें और याद आएगा वह पल जिस पल में वह काल का ग्रास बना था।
ब चपन के दोस्त को भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठाने रेलवे स्टेशन पहुंचे 17 वर्षीय छात्र की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात करीब 9:51 बजे शुजालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर हुआ। छात्र पेट्रोल से भरी मालगाड़ी के वैगन की सीढिय़ों पर चढ़ रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ आग का गोला उठा और छात्र नीचे गिर गया। कुछ पल के लिए वह तड़पा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
दीपोत्सव से लौटकर दोस्त को छोडऩे गया था स्टेशन
विनायक प्रजापति (17) तुलसी नगर स्थित दीप्ति कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह शासकीय कॉलेज मैदान में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम से घर लौटा था। इसके बाद परिजन को बताया कि वह अपने बचपन के दोस्त तन्मय परमार को भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठाने रेलवे स्टेशन जा रहा है। दोनों रात करीब 9:30 बजे स्टेशन पहुंचे और प्लेटफार्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार करने लगे। तन्मय को इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट ट्रेन से भोपाल जाना था। इसी दौरान विनायक पास में खड़ी पेट्रोल से भरी मालगाड़ी के वैगन की सीढिय़ों पर चढऩे लगा। वह चप्पल पहने हुए था। जैसे ही वह वैगन के ऊपर पहुंचा, 25 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ आग का गोला उठा और वह नीचे गिर पड़ा।
धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
हादसे की आवाज सुनकर प्लेटफार्म और रेलवे पार्किंग में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक विनायक की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर उसकी चप्पल नीचे पड़ी मिली, जबकि वैगन पर खून के निशान थे। हादसे का दृश्य देखकर लोग सहम गए। सूचना मिलने पर परिजन भी स्टेशन पहुंचे। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। विनायक के साथ स्टेशन पहुंचे दोस्त तन्मय परमार ने बताया कि दोनों बचपन से साथ पढ़ते आए हैं और उनके बीच गहरी दोस्ती थी। वह विनायक के साथ उसे ट्रेन में बैठाने आया था। अचानक हुए हादसे के बाद वह सदमे में था और ठीक से कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था। जिस ट्रेन से तन्मय को भोपाल जाना था, वह हादसे के बाद प्लेटफार्म पर पहुंची।
तीन बेटियों के बीच इकलौता बेटा था विनायक
विनायक मूल रूप से मदाना गांव का रहने वाला था। उसके पिता खामखेड़ा के शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। परिवार फिलहाल दीपछाया कॉलोनी के पास तुलसी नगर में रहता है। तीन बेटियों के बीच विनायक इकलौता बेटा था। दीपोत्सव कार्यक्रम से खुशी-खुशी घर लौटे विनायक की अचानक मौत से परिवार और परिचित स्तब्ध हैं।
रेलवे पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना पर देर रात मक्सी रेलवे पुलिस थाने का बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की। रेलवे पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।









