Popup Image

एक घर, दो हत्याएं और गोद लिया बेटा… इंदौर डबल मर्डर की कहानी में नया खुलासा

CCTV में कैद हुई वारदात

Advertisement

इंदौर। शहर के कालानी नगर में पिता राजू यादव और बेटी हर्षिता की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दोनों हत्याओं का मुख्य आरोपी हर्ष यादव (28) राजू यादव का सगा बेटा नहीं, बल्कि गोद लिया हुआ था। करीब 28 साल पहले राजू यादव के परिवार ने उसे एक परिचित से गोद लिया था। परिचित परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण राजू ने हर्ष को अपने बेटे की तरह पाला था। अब उसी पर पिता और बहन की हत्या का आरोप है।

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों हत्याओं के पीछे संपत्ति और पैसों का विवाद सामने आया है। राजू यादव ने हाल ही में मल्हारगंज स्थित अपना मकान करीब 50 लाख रुपए में बेचा था। इसमें से लगभग 25 लाख रुपए बेटी हर्षिता के नाम पर प्लॉट खरीदने के लिए दिए थे, जबकि शेष रकम अपने पास रखी थी। हर्ष पिता से पैसों की मांग कर रहा था। बहन को बड़ी रकम देने से वह नाराज था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद और मारपीट भी हुई थी।

Advertisement

दरवाजा खोलते ही बहन पर किया हमला, 3 मिनट में वारदात

हर्षिता की हत्या का घटनाक्रम घर के CCTV फुटेज में कैद हुआ है। फुटेज के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह 6:16 बजे हर्ष पैदल घर पहुंचा। कुछ सेकंड बाद उसका 17 वर्षीय नाबालिग साथी रिक्शा लेकर वहां आ गया।

Advertisement

सुबह 6:17 बजे हर्ष ने घर की घंटी बजाई। हर्षिता ने जैसे ही दरवाजा खोला, हर्ष ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और गला दबाने लगा। खुद को बचाने के लिए हर्षिता ने शोर मचाया। CCTV में उसकी चीखें और बचाने की गुहार रिकॉर्ड हुई है।

करीब 40 सेकंड तक उसकी आवाज सुनाई देती रही। इसी दौरान नाबालिग साथी भी कमरे में पहुंच गया। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हर्ष ने कमरे में रखे स्कार्फ से हर्षिता का गला घोंट दिया।

इसके बाद दोनों सुबह करीब 6:20 बजे घर से निकल गए। घर में दाखिल होने से लेकर बाहर जाने तक की पूरी वारदात करीब तीन मिनट में हुई।

हत्या से पहले रातभर पिता को फोन करती रही हर्षिता

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हर्षिता 18 नवंबर की रात से 19 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक लगातार अपने पिता राजू यादव को फोन करती रही थी। इसके करीब दो घंटे बाद सुबह 6:17 बजे उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हर्षिता रातभर पिता को फोन क्यों कर रही थी और उस दौरान परिवार में क्या विवाद हुआ था।

पिता की हत्या कर शव 10 किलोमीटर दूर फेंका

हर्ष और उसके नाबालिग साथी पर हर्षिता की हत्या से करीब दो दिन पहले पिता राजू यादव की हत्या करने का भी आरोप है। राजू की हत्या गांधी नगर क्षेत्र के अरिहंत नगर स्थित किराए के मकान में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को चादर में लपेटकर करीब 10 किलोमीटर दूर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में बड़ी कलमेर और माली बड़ोदिया के बीच पुलिया के पास कचरे में फेंक दिया गया था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने शव बरामद किया। राजू यादव के बाएं हाथ का पंजा कटा हुआ था। पुलिस के अनुसार, उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी।

CCTV फुटेज से आरोपी बेटे तक पहुंची पुलिस

एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर में हर्षिता का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए, जिनमें से एक की पहचान हर्ष यादव के रूप में हुई। पुलिस ने वारदात में शामिल 17 वर्षीय नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक, हर्षिता की गला घोंटकर हत्या की गई, जबकि राजू यादव की हत्या धारदार हथियार से हुई थी। हर्ष की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दोस्त के भाई की शादी के लिए चाहिए थे रुपए

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए नाबालिग सह-आरोपी ने बताया कि 2 दिसंबर को उसके भाई की शादी है। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने उसकी आर्थिक परेशानी का फायदा उठाया और उसे हत्याकांड की साजिश में शामिल कर लिया।

जांच में सामने आया है कि हर्ष ने वारदात की तैयारी के लिए अरिहंत नगर में एक कमरा किराए पर लिया था। उसने किसी बहाने से पिता राजू यादव को वहां बुलाया और उनकी हत्या कर दी।

घर से कीमती सामान लेकर फ्लाइट से दिल्ली भागा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद हर्ष घर से कीमती सामान लेकर फ्लाइट से दिल्ली भाग गया। वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, ताकि पुलिस की गिरफ्त से बच सके।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हर्ष की गिरफ्तारी के बाद दोनों हत्याओं की पूरी साजिश, संपत्ति विवाद और वारदात में उसकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें