मोदी बोले-हुनरमंदों की नौकरी सुरक्षित

पटना : एआई से रोजगार छिनने की आशंकाओं को नकारा
लखनऊ/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि कागजी सर्टिफिकेट से ज्यादा हुनरमंदों की कदर होने वाली है। उन्होंने युवाओं से अपील की, बड़े सपने देखिए क्योंकि आने वाले 20 वर्ष हुनरमंदों के हैं। एआई से रोजगार छिनने की आशंकाओं पर मोदी ने कहा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। मोदी ने लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक हमें विकसित भारत का संकल्प पूरा करना है और ये काम बिना कौशल के पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने हुनर को अगले दो दशकों की जरूरत बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने 2023 में कहा था कि आप पीएसयू बॉन्ड में पैसे लगाएं, मालामाल हो जाएंगे। जिन लोगों ने पैसे लगाए वो मालामाल हो गए। मैंने आग्रह किया था कि एक साल तक सोना न खरीदें और देशवासियों ने कम खरीदा, गोल्ड के दाम टूट गए। मैं आज एक और बात कह रहा हूं, वक्त बदल रहा है। ये कागजी सर्टिफिकेट लेकर, कोट-पेंट और टाई में घूमने वाले लोगों से ज्यादा हुनरमंदों की कदर होने वाली है। जिनके पास कौशल है, उनकी मांग बढऩे वाली है।









