गाजियाबाद का शासकीय टीचर गिरफ्तार, पुलिस कर रही उसके साथी की तलाश

कमीशन के लालच में भस्म आरती बुकिंग की रील बनाकर डाली थी सोशल मीडिया पर
उज्जैन। भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती दर्शन के नाम पर सोशल मीडिया पर रील बनाकर डालने के मामले में पुलिस ने यूपी के गाजियाबाद से एक सरकारी टीचर को हिरासत में लिया है। टीचर का नंबर रील पर था और वह उन्होंने खुद एक हजार रुपए चुकाकर भस्मार्ती की थी। इस दौरान उनके संपर्क में आए शख्स ने उन्हें हर बुकिंग पर कमीशन देने का लालच देकर मोबाइल नंबर हासिल किया था। रील पर उनका नंबर दिखाया जा रहा था।
यह था मामला
सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफार्म पर एक मोबाइल नंबर से रील डाली गई थी, जिसमें महाकालेश्वर की भस्म आरती बुकिंग के लिये संपर्क करने का लिखा गया था। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति कभी भी इस प्रकार की रील अथवा विज्ञापन नहीं करती है और रील दिखने के बाद महाकाल थाना पुलिस ने जिस मोबाइल नंबर से रील डाली गई थी, उसके धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
पहले स्वयं ने रुपए देकर किये थे दर्शन
पकड़े गए सरकारी शिक्षक का नाम निशांत शमा निवासी गाजियाबाद है। तीन महीने पहले निशांत उज्जैन दर्शन के लिए आए थे। भस्म आरती दर्शन बुकिंग की लाइन में जब उन्हें पास नहीं मिली तो अनजान व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था। कहा था कि भस्म आरती दर्शन पास 1000 रुपए में मिलेगी। निशांत ने उसे रुपए दिए व भस्म आरती दर्शन किए थे।
दूसरे व्यक्ति के खाते में जा रहे थे रुपए
जिस व्यक्ति ने निशांत से रुपए लेकर उसे भस्म आरती दर्शन कराए थे उसी व्यक्ति ने निशांत से कहा था कि अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर रील अपलोड कर दो। आपसे जो लोग संपर्क करेंगे उन्हें हमारा मोबाइल नंबर देना। इसके बदले कमीशन मिलेगा। निशांत उनकी बातों में उलझ गया और रील अपलोड कर दी। कुछ ही दिनों में लोग उससे संपर्क करने लगे। भस्म आरती बुकिंग के रुपए भी ऑनलाइन डालते लेकिन यह रुपए निशांत के खाते में न जाकर बुकिंग करने वालों के खाते में जा रहे थे।
2 से 5 हजार रुपए प्रति व्यक्ति में बुकिंग
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर लोग निशांत शर्मा से भस्म आरती बुकिंग के लिये संपर्क करने लगे। एक व्यक्ति की 5 हजार रुपए लेकर बुकिंग की जाती जबकि दो से अधिक लोग होने पर राशि 2 से 5 हजार रुपए के बीच होती। 2 हजार से ऊपर जितने रुपए में ग्राहक फंस जाता उतने में बुकिंग हो जाती।
रेलवे की तत्काल बुकिंग की तरह भस्म आरती बुकिंग : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेलवे में रिजर्वेशन के लिये की जाने वाली तत्काल बुकिंग की स्टाइल में कुछ साइबर एक्सपर्ट महाकालेश्वर की भस्मआरती बुकिंग कर रहे हैं। जैसे ही मंदिर समिति की वेबसाइट बुकिंग के लिये ओपन होती है उसी समय लोग अपने कम्प्यूटर, एंड्रायड मोबाइल आदि से लॉट में बुकिंग कर लेते हैं। इस कारण सामान्य प्रोसेस से बुकिंग करने वाले वंचित रह जाते हैं और बाद में दलालों से संपर्क करते हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस भस्मार्ती बुकिंग के नाम पर फ्रॉड करने वाली गैंग के सदस्यों की तलाश कर रही है।









