चार प्रमुख पीठ के मठ उज्जैन में होंगे स्थापित

धर्मगंगा : शृंगेरी पीठ के शारदा मठ के प्राणप्रतिष्ठा-कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए सीएम डॉ. यादव, बोले
शंकराचार्य विधुशेखर जी से सीएम ने लिया आशीर्वाद, सिंहस्थ की निमंत्रण पत्रिका भी दी, धार्मिक आयोजन में की शिरकत
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शंकराचार्य परंपरा की चार प्रमुख पीठों के मठ उज्जैनमें स्थापित होंगे। इस संबंध में सभी शंकराचार्य से चर्चा चली रही है। इसी कड़ी में उज्जैन में शंकराचार्य परंपरा की मूल पीठ शृंगेरी का उज्जैन मठ स्थापित हो गया है। आज शंकराचार्य जी से विस्तार से चर्चा हुई है। उनका आशीर्वाद लिया है। उन्हें सिंहस्थ में आने का निमंत्रण दिया है।
सीएम गुरुवार को डेंडिया में स्थापित शृंगेरी पीठ के उज्जैन मठ परिसर में मीडियाकर्मियों से चर्चा कर रहे थे। वे सुबह ही नवनिर्मित मठ के प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक समारोह में शािमल होने उज्जैन पहुंचे थे। नागझिरी हेलीपैड से सीएम सीधे डेंडिया पहुंचे और शृंगेरी शंकराचार्य विधुशेखर भारती से आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच राजकाज, नीति शास्त्र और सिंहस्थ-2028 को लेकर गहन चर्चा हुई। करीब आधे घंटे तक शंकराचार्य जी से चर्चा के बाद सीएम मठ में चल रहे प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। यहां पांच देवताओं की प्राण- प्रतिष्ठा की जा रही है। इनमें मां शारदांबा भी हैं। मां माता सरस्वती का रूप हैं और उनके हाथों में शास्त्र भी हैं।
शृंगेरी का उज्जैन से सीधा संबंध
सीएम ने कहा कि उज्जैन में शृंगेरी शंकराचार्य जी ने मठ स्थापित किया है। शृंगेरी व उज्जैन का सीधा संंबंध है, क्योंकि आद्य शंकराचार्य ने उज्जैन में ही कापालिकों से शास्त्रार्थ किया था। अब दोनों अति प्राचीन शहर एक दूसरे के करीब आ गए हैं। प्रमुख शंकराचार्य पीठ के मठ उज्जैन में बनेंगे। मैंने शंकराचार्य जी से आशीर्वाद लिया है। उनसेे सिंहस्थ में पधारने का अनुरोध किया है।
आज शंकराचार्य जी की सभा
शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज बुधवार शाम पहली बार उज्जैन पहुुंचे। मेघदूत रिसोर्ट के सामने शृंगेरी पीठ ने अपना पहला मठ निर्मित किया है। शंकराचार्य जी शाम 6 बजे यहीं धर्मसभा को संबोधित करेंगे। गोविंद सोलंकी और डॉ. राहुल कटारिया ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का अनुष्ठान शृंगेरी पीठ के विद्वान ब्राह्मणों की देखरेख में हो रहा है।
शोक जताया: सीएम सरपंच पति नरेंद्र सावित्री पोरवाल के घर भी पहुंचे और उनकी मां के निधन पर शोक जताया।
मन में था उज्जैन में मठ बनाएं, पहला मठ बनाया
शृंगेरी पीठ के सुब्रह्यण्यम स्वामी ने कहा कि देश में चार जगह कुंभ होता है। सालों से शंकराचार्य जी के मन में चल रहा था कि उज्जैन में भी एक स्थान बनाया जाए। इस आधार पर उजैन में पहला मठ बनाया गया है। यहां स्थायी व्यवस्था रहेगी। टूरिस्ट भी आते-जाते रहेंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव और शंकराचार्य जी के बीच अच्छा वार्तालाप हुआ है। शृंगेरी का मध्यप्रदेश से गहरा नाता है। आद्य शंकराचार्य ने महेश्वर मेंं ही उस समय के प्रखर विद्धान मंडन मिश्र से शास्त्रार्थ किया था।
बद्री,पुरी, द्वारका, शृंगेरी पीठ उन्होंने स्थापित की थी। मंडन मिश्र आद्य शंकराचार्य के पहले शिष्य थे। उन्हें सुवेशाचार्य नाम दिया गया था। वे शृंगेरी पीठ के पहले शंकराचार्य थे। सीएम ने उज्जैन में मठ शुरू करने पर प्रसन्नता जताई है। शंकराचार्य जी ने उन्हें सिंहस्थ में आने का आश्वासन दिया है। मठ में पांच देवताओं (मां शारदांबा, गणेश जी, शिवजी, कालभैरव जी और नवग्रह) की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। शारदांबा मां की प्रतिष्ठा में सीएम पूरे समय बैठे। यह बहुत अच्छी बात है। उनके नेतृत्व में उज्जैन में एक अच्छा कुंभ होगा। वह अच्छा काम कर रहे हैं।









