सीएम डॉ. यादव बोले- भारत सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश

संविधान गौरव दिवस : कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी
संविधान ने गरीब से गरीब व्यक्ति को भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर प्रतिबंधों के बावजूद भारत का लोकतंत्र सशक्त बना हुआ है। शाहबानो प्रकरण से लेकर कश्मीर में धारा 370 समाप्त करने तक के घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्तियों और दलों ने दूषित मानसिकता के कारण संविधान को आहत किया। आज देश में संविधान को पूरा महत्व और सम्मान दिया जा रहा है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। संगोष्ठी से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में हर पांच साल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव होते हैं और नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलता है। लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली और संविधान ने शासन व्यवस्था के संचालन का आधार निर्धारित किया। संविधान ने गरीब से गरीब व्यक्ति को भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर दिया है।
संविधान में समानता का सिद्धांत महत्वपूर्ण
सीएम ने राजकुमारी अमृत कौर के समान कानून के समर्थन, राष्ट्रीय पंचांग शक संवत और ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान में समानता का सिद्धांत महत्वपूर्ण है। देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक क्रांतिकारियों ने बलिदान दिया। उनके संघर्ष और संविधान की व्यवस्था के कारण आज लोकतंत्र मजबूत है।
समानता एकता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि संविधान ने देशवासियों को न्याय, समानता, एकता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल सहित सभी सदस्यों ने देश की अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर संविधान का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। शेखावत ने महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक समानता और विकसित भारत के लक्ष्य पर भी प्रकाश डालते हुए नागरिकों से कर्तव्य भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।









