पीएचई के रिटायर सब इंजीनियर के खाते से 1 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी

न एटीएम, न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन फिर भी खाते से निकले रुपए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मिल्कीपुरा में रहने वाले पीएचई के रिटायर इंजीनियर के खाते से ऑनलाइन 1 लाख 30 हजार रुपए निकल गए। उन्होंने कोतवाली थाने में सायबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि जावेद कुरैशी पिता एजाज मोहम्मद कुरैशी (64) निवासी मिल्कीपुरा का बैंक ऑफ महाराष्ट्र की फाजलपुरा शाखा में सेविंग अकाउंट है। उनके खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 16 से 17 जुलाई के बीच 1 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिये। मोबाइल पर मैसेज आया तो उन्हें रुपए निकलने की जानकारी लगी।
कुरैशी ने बताया कि वह पीएचई नगर निगम उज्जैन से सब इंजीनियर के पद से रिटायर हुए हैं। उनका बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अलावा एसबीआई में भी खाता है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सेविंग खाते में मैन्युअल लेनदेन करते हैं इस कारण न तो एटीएम लिया है और न ही ऑनलाइन ट्रंाजेक्शन करते थे। मोबाइल पर अलग-अलग दिनों में खाते से कुल 1 लाख 30 हजार रुपए ऑनलाइन निकलने का जब मैसेज आया तो वह चौंक गए और बैंक में संपर्क किया। जहां जानकारी मिली कि खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया है।
आधार कार्ड की कॉपी देने के बाद धोखाधड़ी
जावेद कुरैशी ने बताया कि कुछ माह पहले बैंक में फार्म भरकर रुपए निकालने पहुंचे तो कर्मचारियों ने कहा कि अब फार्म भरकर लेनदेन नहीं होगा आपको चेक देना होंगे। आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करा दो। फोटोकॉपी जमा कराने के बाद ही खाते से रुपए निकलने के मैसेज आए थे।
बैंक में की शिकायत
जावेद कुरैशी ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा ऑनलाइन रुपए निकालने की जानकारी दी तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की और कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि न ओटीपी, न क्यूआर कोड, न एटीएम और न ही ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया उसके बाद भी खाते से रुपए कैसे निकले। इसकी शिकायत रिजर्व बैंक से की है। रिजर्व बैंक ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र से लेनदेन संबंधी कागजात तलब किये हैं।









