उठो देव सांवला…भाजी बोर आंवला

देव प्रबोधिनी एकादशी पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, पंचामृत का प्रसाद वितरण, बाजार में गन्ने की खरीदी के लिए भी दिखी रौनक, मांगलिक आयोजनों की आज से हो गई शुरुआत
उज्जैन। देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार को धर्मनगरी उज्जैन में धार्मिक उल्लास का माहौल है। सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के पर्व पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। कई मंदिरों में भक्तों को पंचामृत का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। ं शाम को तुलसी विवाह के आयोजन होंगे। घरों और मंदिरों में तुलसी माता तथा भगवान शालिग्राम के विवाह की तैयारियां भी की जा रही हैं। ज्योतिषियों के अनुसार शनिवार को भी एकादशी मानी जाएगी।
देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। शहर के बाजारों में भी पर्व की रौनक नजर आने लगी है।
गन्ने की बिक्री करने वाले दुकानदार और ठेले शहर के प्रमुख मार्गों तथा बाजारों में दिखाई दे रहे हैं। तुलसी विवाह की परंपरा में गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण लोग इसकी खरीदी कर रहे हैं। इसके अलावा पूजन सामग्री, फल, फूल और मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। शाम को घरों और मंदिरों में तुलसी के पौधे को आकर्षक ढंग से सजाकर भगवान शालिग्राम से उनके विवाह की रस्में निभाई जाएंगी।
विवाह की धूम शुरू
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस बार एकादशी दो दिन है। शुक्रवार के साथ शनिवार को भी अबूझ मुहूर्त होने से विवाह आयोजनों के लिए विशेष शुभ अवसर माना जा रहा है । विवाह स्थलों, मैरिज गार्डन और धर्मशालाओं में रौनक हैं।
देवउठनी एकादशी पर गन्ने ने खाए भाव
उज्जैन। देवउठनी एकादशी पर गन्ना अचानक भाव खा गया। अमूमन 20 से 25 रुपए में मिलने वाले गन्ने के दाम ५० रुपए नग तक पहुंच गए। इसी तरह 80-100 रुपए किलो वाले सीताफल की कीमत 100-150 रुपए किलो के बीच रही।
हारे के सहारे का आज जन्मोत्सव, श्याममय हुए शहर के मंदिर, गुब्बारों और फूलों से सजे बाबा के दरबार
उज्जैन। हारे के सहारे बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव भी शुक्रवार को श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही श्याम भक्त मंदिरों में पहुंच रहे हैं। खाटू श्याम मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। कहीं रंग-बिरंगे गुब्बारों से बाबा का दरबार सजाया गया है तो कहीं फूलों और विद्युत सज्जा ने रौनक बढ़ा दी है।
भैरवगढ़ रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में अन्नकूट, छप्पनभोग, दिव्य ज्योत दर्शन और भजन संध्या होगी। बिरला हॉस्पिटल के समीप स्थित खाटू सरकार मंदिर, आगर रोड हनुमान मंदिर के पास स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर और नरसिंह घाट के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में भी भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। बाबा खाटू श्याम महाभारत के महान योद्धा बर्बरीक के रूप में पूजे जाते हैं। वे भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। बर्बरीक ने माता को वचन दिया था कि वे हमेशा हारने वाले का साथ देंगे। श्रीकृष्ण ने उनसे शीश का दान मांगा। उन्होंनेे सहर्ष शीश दान कर दिया। इससे प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में अपने नाम श्याम से पूजे जाने का वरदान दिया था।
एकादशी पर दिव्य स्वरूप में सजे बाबा महाकाल
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में देव उठनी एकादशी पर तड़के 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक कर मनोहारी शृंगार किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। दिव्य और मनोहारी स्वरूप में दर्शन देने वाले बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।









