39 दिन बाद नागपुर से मिली नाबालिग आरोपी ने कई बार लूटी आबरू, जेल भेजा

शादी करने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था, पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से पकड़ा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन जिले के महिदपुर रोड थाना क्षेत्र से गायब नाबालिग को पुलिस ने 39 दिनों बाद नागपुर (महाराष्ट्र) से ढूंढ़ निकाला है, जो युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया था। उसे भी गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान आरोपी ने कई बार नाबालिग की आबरू लूटी।
पुलिस ने बताया कि 4 अप्रैल को फरियादी ने महिदपुर रोड थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज करवाते हुए दीपक पिता शंकरलाल बैरवा निवासी महिदपुर रोड पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की जिसमें टीआई आरएस भाबोर और टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद उनकी लोकेशन नागपुर मिली जिसके बाद टीम ने साइबर सेल की मदद से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी दीपक पिता शंकरलाल (२२) के कब्जे से छुड़ाया। पीडि़ता ने पुलिस को दिए अपने कथन में आरोपी दीपक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाना और कई बार दुष्कर्म करने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज किया।
महिदपुर से उज्जैन, इंदौर फिर…
पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक ने नाबालिग से साल पहले दोस्ती की। मोबाइल पर वह मैसेज भेजता रहा। इसी बीच उसने शादी का प्रस्ताव रखा और कहा कि हम बाहर घूम कर आते हैं। नाबालिग उसकी बातों में आ गई। उसने घर पर बिना बताए कुछ पैसे और कपड़े लिए और दीपक के साथ चली गई। दोनों पहले उज्जैन आए। यहां से इंदौर गए और उसके बाद नागपुर जाने वाली ट्रैन में बैठ गए।
दोनों ने मोबाइल बंद कर लिए थे: करीब एक महीने तक वह नाबालिग को इधर-उधर घुमाता रहा। दोनों ने अपने मोबाइल भी बंद कर लिए थे। इधर पुलिस दोनो की खोजबीन में लगी रही। कुछ दिन पहले दीपक को लगा कि अब मामला शांत हो गया उसका कोई कुछ भी नहीं बिगाड़ेगा, उसने मोबाइल ऑन कर लिया। इधर साइबर सेल ने उसकी लोकेशन पुलिस को बता दी। पुलिस ने टीम बनाई और दोनों को पकड़ लिया।









