वृद्ध को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 2.55 करोड़ रु.

पोर्न वीडियो के केस में फंसाने की दी थी धमकी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड कंपनी से सेवानिवृत्त अधिकारी को सायबर फ्रॉड करने वालों ने डिजिटल अरेस्ट कर 2.55 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की। वृद्ध ने माधव नगर थाने में शिकायती आवेदन दिया जिसकी जांच के बाद 4 दिन पहले पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर सायबर सेल की मदद से जांच शुरू की है।
टीआई राकेश भारती ने बताया कि रवींद्र पिता भालचंद कुलकर्णी 76 वर्ष निवासी मंगल कॉलोनी हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उन्होंने 20 सितम्बर को थाने में शिकायती आवेदन दिया था। आवेदन में लिखा था कि 10 सितंबर को हेमराज कोली नामक व्यक्ति ने मोबाइल पर कॉल किया और स्वयं को मुंबई के अंधेरी थाने का पुलिस सब इंस्पेक्टर बताया था। कोली ने कुलकर्णी से कहा कि तुम्हारे खिलाफ मनी लॉड्रिंग के 17 केस दर्ज हैं।
पोर्न वीडियो संबंधित शिकायतें भी हैं। इसमें तीन साल की कैद व पांच लाख रुपए का जुर्माना हो सकता है। वृद्ध कुलकर्णी को धमकी देकर अरेस्ट कर लिया। कुलकर्णी को धमकाकर डिजिटल अरेस्ट करने के बाद उक्त व्यक्ति ने 11 से 13 सितंबर के बीच उनके बैंक खातों व उनकी पत्नी अनामिका के बैंक खातों से 2.55 करोड़ रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब रवींद्र कुलकर्णी को अपने साथ हुई ठगी की जानकारी मिली तो वह शिकायती आवेदन लेकर माधवनगर थाने पहुंचे।
टीआई से बोले…पहचान उजागर मत करना
टीआई भारती ने बताया कि सेवानिवृत्त अधिकारी वयोवृद्ध हैं। उनके साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज कर सायबर सेल की मदद से बदमाशों की तलाश भी शुरू हो चुकी है। कुलकर्णी ने आवेदन देते समय कहा था कि मेरा नाम और पता उजागर मत करना।









