हरिहर मिलन में आतिशबाजी और हिंगोट रॉकेट पर प्रतिबंध

22 नवंबर की रात महाकाल की सवारी मार्ग पर लागू रहेगा आदेश, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने धारा 163 के तहत जारी किए निर्देश
उज्जैन। बैकुण्ठ चतुर्दशी पर 22 नवंबर की रात होने वाले हरिहर मिलन समारोह को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के दौरान पूरे सवारी मार्ग पर आतिशबाजी और हिंगोट रॉकेट चलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके तहत सवारी मार्ग पर आतिशबाजी और हिंगोट रॉकेट का उपयोग करने के साथ ही इनके निर्माण, बिक्री और भंडारण पर भी रोक रहेगी।
रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकलेगी सवारी
हरिहर मिलन के अवसर पर भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी रात करीब 11 बजे महाकाल मंदिर से रवाना होगी। सवारी कोट मोहल्ला, गुदरी और सराफा मार्ग से होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहती है।
उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने यह प्रतिबंध श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।









