बदलापुर की अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भोग आरती में शामिल हुईं

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह बदलापुर, भाग मिल्खा भाग जैसी फिल्मों में मुख्य किरदार निभाने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री दिव्या दत्ता दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने नंदी हॉल से भगवान महाकाल के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।

दिव्या दत्ता सुबह करीब 8 बजे मंदिर पहुंचीं। उन्होंने नंदी हॉल से पूजन के बाद चांदी द्वार से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की। पुजारी अर्पित गुरू ने पूजन कराया। उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। वह सुबह 8 बजे होने वाली भोग आरती में भी शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने कोटितीर्थ कुंड पर विराजित श्री कोटेश्वर महादेव पर अभिषेक भी किया।दर्शन के बाद दिव्या दत्ता ने कहा कि आज आध्यात्मिक नगरी उज्जैन आकर भगवान महाकाल के दर्शन का सौभाग्य मिला। उन्होंने आरती के दौरान महसूस किया कि वह स्वयं भगवान महाकाल के चरणों में नमन कर रही हैं।
लाइट एंड साउंड शो में सुनाई देती है दिव्या की आवाज
दिव्या दत्ता ने इस दौरान एक खास बात साझा की। उन्होंने बताया कि भगवान महाकाल के आंगन में प्रतिदिन होने वाले लाइट एंड साउंड शो में जो आवाज सुनाई देती है, वह उनकी ही है। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि भगवान महाकाल की गौरवगाथा कहने का अवसर मुझे मिला। आवाज देकर मैं बहुत खुश हूं कि मेरी आवाज महाकाल के आंगन में गूंजती है।









