दो दिन बाद सबसे बड़ा त्योहार, महाकाल सुरक्षाकर्मियों को वेतन-बोनस का इंतजार

उज्जैन। दो दिन बाद सनातनियों का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली शुरू हो जाएगा। लेकिन अब तक महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को वेतन और बोनस नहीं मिला है। पांच दिनी उत्सव 18 अक्टूबर से प्रारंभ हो जाएगा। इस महत्वपूर्ण मौके पर भी महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मेें तैनात आउटसोर्स कंपनी क्रिस्टल के कर्मचारियों को अभी तक न तो इस महीने का वेतन मिला है और न ही बोनस।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुंबई की क्रिस्टल कंपनी के जरिए महाकाल मंदिर मेें इन दिनों करीब 550 सुरक्षाकर्मी अलग-अलग जगह तैनात हैं। इसके अलावा कालभैरव, चिंतामन गणेश, मंगलनाथ, गढ़कालिका, हरसिद्धि मंदिर पर भी सुरक्षाकर्मी ड्यूटी दे रहे हैं। इन कर्मचारियों को 5 तारीख तक मिलने वाला इस महीने का वेतन 10 दिन बाद 16 अक्टूबर तक नहीं मिला है। जबकि कर्मचारी इस महीने त्योहार के कारण समय पर वेतन और साथ में बोनस की भी आस लगाए बैठे हैं। कर्मचारियों के बोनस के बारे में भी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। ऐसे में कर्मचारी तनाव में हैं कि खाली हाथ क्या करेंगे।
शुरू से ही क्रिस्टल का रिकार्ड खराब
क्रिस्टल कंपनी का रिकार्ड शुरू से ही वेतन जारी करने में खराब रहा है। कंपनी ने कभी भी कर्मचारियों को २० तारीख के पहले वेतन नहीं दिया। लेटलतीफी के कारण मंदिर समिति ने कई बार जुर्माना भी लगाया है। वेतन देने में देरी के कारण कर्मचारियों ने कई प्रमुख त्यौहार तंगहाली में मनाए हैं। कई कर्मचारी छोड़कर चले गए और नए आना नहीं चाहते। फिर भी समय पर वेतन नहीं देने की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।
मंदिर कर्मचारियों को मिला आधा अधूरा बोनस-केएसएस कर्मी इंतजार में
सूत्रों के मुताबिक श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के तहत सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को १४ नवंबर को बोनस मिला है। कर्मचारियों का कहना है कि बोनस एक महीने के वेतन के बराबर होना चाहिए, लेकिन उन्हें आधा-अधूरा बोनस ही मिला है। इसी तरह महाकाल मंदिर में सेवाएं दे रहे केएसएस कंपनी के करीब १४०० से अधिक कर्मचारियों को भी बोनस का इंतजार है। मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया कि बोनस व वेतन संबंधी फाइलें लेखा शाखा में हैं। जल्दी ही वेतन-बोनस रिलीज हो जाएगा।









