हेलमेट पहनकर बाइक चलाई, पुलिस ने गुलाब देकर की हौसला अफजाई

5 नवंबर तक पुलिस देगी समझाइश, 6 नवंबर से करेगी कार्रवाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। यातायात पुलिस इन दिनों हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। पहले बाइक रैली और फिर पेम्पलेट बांटकर पुलिस शहरवासियों को यातायात के नियमों को पालन करने और हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दे चुकी है लेकिन बुधवार शाम पुलिस ने अनूठी पहल की। टॉवर चौक पर पुलिस ने हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को गुलाब और बैग देकर ना केवल सम्मानित किया बल्कि पीठ थपथपाकर उनकी हौसला अफजाई भी की, जबकि हेलमेट नहीं पहनने वालों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। ट्रैफिक डीएसपी दिलीप सिंह परिहार और सूबेदार इंद्रपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
दरअसल, 22 अक्टूबर से हेलमेट जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई है जिसके तहत 5 नवंबर तक पुलिस सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानाओं, सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर हेलमेट का महत्व बताते हुए लोगों को इसके उपयोग की समझाइश देगी। अभियान के समापन के बाद ६ नवंबर से पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई करेगी।
रैली निकाली पेम्पलेट बांटे
26 अक्टूबर को पुलिस ने बाइक रैली निकाली थी। पुलिस लाइन से शुरू हुई रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची थी। इसका उद्देश्य हेलमेट के प्रति लोगों में अलख जगाना था। इसके बाद मंगलवार शाम को तीन बत्ती चौराहे पर वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ पेट्रोप पंपों पर पेम्पलेट भी बांटे थे।









