गरोठ हाइवे सर्विस रोड किनारे मिली युवक की लाश

उज्जैन। गरोठ हाइवे सर्विस रोड किनारे सुबह युवक की लाश पंवासा पुलिस ने बरामद की। बाइक की नंबर प्लेट से शिनाख्त कर परिजन को सूचना दी गई है।
टीआई गामर मंडलोई ने बताया कि सुबह लोगों ने थाने पर सूचना दी कि गरोठ हाइवे सर्विस रोड किनारे अज्ञात युवक की लाश पड़ी है। पुलिस ने यहां पहुंचकर शव बरामद किया। पास में पड़ी बाइक की नंबर प्लेट से मृतक की शिनाख्त रोहित चौहान (25) निवासी बांगड़ देवास के रूप में हुई। परिजन से संपर्क किया तो पता चला कि रोहित चंदेसरा में किराए का मकान लेकर रहता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सर्विस रोड पर तेज रफ्तार से बाइक चलाने से दुर्घटना हुई है।
भस्मार्ती से लौट रहे युवकों की बाइक को तूफान ने मारी टक्कर: मंगलवार सुबह करीब 6 बजे 4 दोस्त बाइक से भस्मार्ती दर्शन के बाद हरिफाटक ब्रिज की ओर जा रहे थे तभी अज्ञात बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि विवेक कुमार भारद्वाज पिता सुनील निवासी बेगूसराय बिहार, कृष्णा सुमन पिता जगदीश निवासी बडऩगर, मितेश शर्मा पिता ओमप्रकाश निवासी बडऩगर व एक अन्य बाइक से हरिफाटक ब्रिज की तरफ जा रहे थे तभी बोलेरो वाहन ने बाइक में टक्कर मारी। दुर्घटना में विवेक और कृष्णा को गंभीर चोट आने पर प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार चालक ने ब्रेक लगाया, 3 वाहन टकराए: ग्राम दताना उज्जैन-देवास हाइवे पर कार चालक ने अचानक अपने वाहन का ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रहा सीमेंट का कैप्सूल वाहन कार से टकरा गया और कैप्सूल वाहन के पीछे चल रही कार उससे टकरा गई। दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। कार चालक सचिन पिता हरिनारायण यादव निवासी इंदौर और दूसरी कार के चालक किशोरदास ने नरवर थाने में कैप्सूल वाहन चालक के खिलाफ के दर्ज कराया।








