मेले से नई कार खरीदी और 6 लोगों को टक्कर मार दी

फल से भरा ठेला व बाइक भी हुई क्षतिग्रस्त, केस दर्ज, कार जब्त

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:दशहरा मैदान पर लगे वाहन मेले से नरवर के व्यक्ति ने नई कार खरीदी और हरिफाटक ब्रिज के नीचे लगने वाले गुरूवारिया हाट में मौजूद 6 लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। नीलगंगा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि अरबाज पिता आरिफ 25 वर्ष निवासी विराट नगर आगर रोड गुरुवार शाम गुरूवारिया हाट बाजार पहुंचा था। यहां ठेले से फल खरीदने के दौरान बिना नंबर की नई कार तेज रफ्तार से आई और उसने फल के ठेले को टक्कर मारी जिससे अरबाज घायल हुआ।
कार यहां नहीं रुकी बल्कि उसके ड्रायवर ने ठेले के बाद मोटर सायकल को और फिर हाट में मौजूद सोनिया, हिमानी सिसौदिया, जगदीश चौधरी, रूक्मणी सिसौदिया व देवेन्द्र को भी टक्कर मारकर घायल किया। देवेन्द्र को गंभीर चोंट लगने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों ने नीलगंगा थाने पहुंचकर कार चालक वीरेन्द्र पिता रमेशचंद्र निवासी कड़छा थाना नरवर के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने कार जब्त की है।









