बस का किराया बढ़ा, सर्कल ट्रेन की मांग उठी सांसद ने भेजा पत्र, डेमू के फेरे बढ़ाने की मांग

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बस किराये में ४० फीसदी बढ़ोतरी के बाद अब उज्जैन-इंदौर के बीच फतेहाबाद, देवास के रास्ते सर्कल ट्रेन चलाने की मांग तेज हो गई है। उज्जैन शहर विचार मंच वाटस एप ग्रुप पर सदस्य आम आदमी को बढ़े किराये से राहत देने के लिए सर्कल ट्रेन चलाने की मांग उठा रहे हैं। इस ग्रुप के सदस्य पड़ोसी राज्यों राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र की परिवहन सेवा के किराये से मध्यप्रदेश के किराये की तुलना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर मांग उठने के बाद सांसद अनिल फिरोजिया भी एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने एक बार फिर सर्कल ट्रेन चलाने और इंदौर-उज्जैन के बीच डेमू ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग की है।
सांसद अनिल फिरोजिया ने अक्षरविश्व को बताया कि सर्कल ट्रेन, और डेमू ट्रेन के फेरे बढ़ाने के लिए उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को फिर पत्र लिखा है। पहले भी इस संबंध में प्रत्यक्ष मिलकर मांग रखी थी। फिरोजिया ने बताया कि उन्होंने उज्जैन इंदौर के साथ रतलाम नागदा की भी रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की है। उज्जैन, देवास, इंदौर, फतेहाबाद, बडऩगर, रतलाम और नागदा होते हुए सर्कल ट्रेन चलाने का निवेदन किया है। अगर यह ट्रेन प्रारंभ होती है तो उज्जैन, इंदौर, फतेहबाद, देवास के साथ बडऩगर, रतलाम और नागदा को भी फायदा होगा। इन शहरों के बीच रोजगार, शिक्षा और व्यापार काफी बेहतर होगा।
तीन राज्यों से किराये की तुलना भी
ग्रुप में मध्यप्रदेश पड़ोसी तीन राज्यों से बस किराये की तुलना हो रही है। हालांकि इन राज्यों में स्टेट ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन बस सेवा संचालित करता है।
महाराष्ट्र- १.०५ रुपए प्रति किलोमीटर
गुजरात- ०.८५ पैसे प्रति किलोमीटर
राजस्थान- ०.९५ से १.०० रुपए प्रति किलोमीटर
उज्जैन- २.० रुपए प्रति किलोमीटर
गुजरात में ५० किलोमीटर के सफर का किराया , ४० से ४२.५० रुपए, महाराष्ट्र में ५२.५०, राजस्थान में ४७.५० से ५०.०० रुपए है,जबकि मध्यप्रदेश में १०० रुपए है।
किसने क्या कहा
इंदौर-उज्जैन के बीच सबसे सस्ता साधन राउंड रेलवे ट्रिप (सर्कल ट्रेन) है। इंदौर, फतेहाबाद, उज्जैन, देवास या इंदौर, देवास, उज्जैन, फतेहाबाद के रास्ते इसे शुरू किया जा सकता है।- आशुतोष भवाल
इन शहरों के बीच मेमू चलानी चाहिए। समय और पैसे दोनों की बचत होगी।- नितिन पॉल
बस लॉबी बहुत शक्तिशाली है। वह ट्रेन नहीं चलने देगी। अभी भी फतेहाबाद के रास्ते चलने वाली ट्रेन की टाइमिंग ऐसी रखी है, जिससे वह अनुपयोगी है।- राजेंद्र खंडेलवाल
डेमू ओर मेमू ट्रेन चलाने के लिए सांसद को ज्ञापन दीजिए। उज्जैन, इंदौर, देवास, फतेहाबाद के रास्ते दो ट्रेन दिनभर फेरे लगानी चाहिए। कॉकरोच आंदोलन करना होगा। – लोकेंद्र शास्त्री









