इंदौर रोड पर आधी रात को बस पलटी, 7 घायल

ड्राइवर नशे में मस्ती करते हुए चला रहा था बस, टोका तो यात्रियों से अभद्रता की

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंदौर रोड पर शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलटी खा गई। दुर्घटना में कई यात्रियों को चोट आई। ७ को इलाज के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया।
इंदौर से आ रही सपना ट्रेवल्स की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है। बस रात करीब ११.३० बजे इंदौर से रवाना हुई थी। रात १.३० बजे उज्जैन पहुंचने के पहले तपोभूमि के पास यह दुर्घटना हो गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने मदद के लिए पुलिस और एम्बुलेंस को बुलाया। दुर्घटना में वर्षा पति गोविंद अग्रवाल (५४) निवासी ग्वालियर, उनका बेटा सुधीर पिता गोविंद अग्रवाल (२५), पोता वंश (१३) , खुशी पिता नीरज तिवारी (१५) निवासी विजयनगर इंदौर, वंदना पति मोहन खत्री (३२), उनका बेटा वंश पिता मोहन खत्री (१०) निवासी साईंधाम कॉलानी उज्जैन और हरविंदरसिंह पिता अर्जुन सिंह (३२) निवासी जीवनखेड़ी घायल हुए हैं। इनमें वर्षा, सुधीर को गंभीर चोट आई है। टीआई नरेंद्र कुमार यादव ने बताया मोहन खत्री की रिपोर्ट पर नानाखेड़ा पुलिस ने बस क्रमांक एमपी १३ जेडडी ०१९९ के चालक के खिलाफ रात में प्रकरण दर्ज किया है। ड्राइवर घटना के बाद से फरार है।
ओंकारेश्वर गए थे लौटते समय हादसा
दुर्घटना में घायल सुधीर अग्रवाल ने बताया कि वे अपनी मां व परिजनों के साथ यहां घूमने आए थे। शनिवार सुबह उज्जैन से बस से ओंकारेश्वर गए थे। लौटते वक्त उनकी बस इंदौर ही रुक गई और इस बस में उन्हें उज्जैन तक के लिए बैठा दिया। बस का ड्राइवर नशे में था। रास्तेभर वो गाड़ी चलाते वक्त कंडक्टर के साथ हंसी-मजाक करता रहा। मना किया तो अभद्रता पर उतारू हो गया। इसी बीच बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और हादसा हो गया।









