जीरोपॉइंट ब्रिज से जा रहे जीजा-साले की बाइक को कार ने मारी टक्कर

सिर में चोट लगने से जीजा की मौत, ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जीजा-साला फ्रीगंज में काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जीरोपाइंट से कोयला फाटक तरफ जाते समय कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीजा की मृत्यु हो गई। कार चालक ने टक्कर मारने के बाद अपना वाहन तक नहीं रोका। देवासगेट पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर शव का पीएम कराया।
कोट मोहल्ला में रहने वाला नंदकिशोर उर्फ सोनू पिता जगदीश पेंटर था। वह रविवार रात अपने साले रतन एवेन्यू निवासी आकाश पिता गंगाराम नरवरिया के साथ फ्रीगंज में काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। बाइक नंदकिशोर चला रहा था। वह पाटीदार ब्रिज से कोयला फाटक टर्न की ओर जा रहा था तभी तेज रफ्तार कार चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में नंदकिशोर के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि आकाश एक तरफ गिरा उसे मामूली चोट आई। राहगीरों ने तुरंत नंदकिशोर को चरक अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक अपना वाहन तेजगति से चलाकर भाग गया। देवासगेट थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।









