स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा पिता फंदे पर लटके मिले, इलाके में सनसनी

उज्जैन। नृसिंहघाट मल्टी में रहने वाले युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है। एसआई बलराम जाट ने बताया कि कन्हैयालाल पिता मोहनलाल कहार 40 वर्ष निवासी नृसिंहघाट मल्टी महाकाल क्षेत्र में फूल प्रसाद की दुकान संचालित करता था।

शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे उसकी बेटियां स्कूल से घर लौटीं तो देखा पिता फांसी के फंदे पर लटका था। उनकी मां फूल प्रसाद की दुकान पर थी। बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। एसआई जाट के अनुसार कन्हैयालाल ने पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। किन कारणों के चलते उसने आत्महत्या की इसकी जांच की जा रही है।
उन्हेल रोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा
उज्जैन। दोस्त के साथ बाइक से जा रहे युवक को उन्हेल रोड पर अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है। पुलिस ने बताया कि गणपत पिता बाबूसिंह जोधपुर का रहने वाला था और मक्सी स्थित टाइल्स फैक्ट्री में काम करता था। वह अपने दोस्त लालसिंह निवासी शाजापुर के साथ बाइक से उन्हेल रोड की तरफ किसी काम से जा रहा था तभी अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में गणपत सिंह की मृत्यु हो गई जबकि उसका दोस्त घायल हुआ है।
ढाबे पर युवक से मारपीट कार के कांच भी फोड़े
उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ढाबे पर 5 लोगों ने मिलकर एक युवक को पीट दिया और उसकी कार के कांच फोड़ दिए। टीआई एसपी सिंह राजावत ने बताया कि नवीन भमवानी पिता चेलाराम भीमवानी (39) निवासी कांकरिया परिसर निकास चौराहा के पास गुरुवार रात इंदौर बायपास रोड स्थित ढाबे पर खाना खाने गया था। यहां उसका 5 लोगों से विवाद हुआ जिसके बाद उन्होंने पाइप से मारपीट शुरू कर दी और पत्थर मारकर उसकी इनोवा कार के कांच भी फोड़ दिये। मामले में कुश शाह की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया है।









