भस्म आरती बुकिंग रील के तार मंदिर कर्मचारियों से जुड़े होने की संभावना

गिरफ्तार टीचर-युवक का आज रिमांड होगा पूरा, पूछताछ जारी
उज्जैन। महाकालेश्वर की भस्म आरती बुकिंग की सोशल मीडिया पर रील डालकर लोगों से रुपए वसूलने वाले दो युवकों से रिमांड पर पुलिस की पूछताछ जारी है। आज उनका रिमांड पूरा हो रहा है। दोनों को फिर से रिमांड पर लिया जा सकता है। बुकिंग का तरीका जानने की कोशिश कर रही है। संभावना है कि कंफर्म भस्म आरती बुकिंग में मंदिर कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं।
यह था मामला: सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर मोबाइल नंबर से रील डाली गई थी, इसमें भस्म आरती बुकिंग का विज्ञापन था। गाजियाबाद के टीचर निशांत शर्मा और रतलाम के स्वराज सिंह पंवार को पुलिस ने इस संबंध में गिरफ्तार किया है। दोनों ने अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों से 1200 रुपए प्रति व्यक्ति के मान से फीस लेकर भस्म आरती की कंफर्म बुकिंग कराने की बात कबूली है। आज दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डेढ़ से दो माह का वेटिंग रहता है ऑनलाइन बुकिंग में
महाकालेश्वर भगवान की भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग इतनी आसान नहीं है। देश-विदेश के लोग आरती देखने के लिये लंबे समय तक इंतजार करते हैं। ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति यह है कि महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की वेबसाइट पर डेढ़ से दो माह की वेटिंग नजर आती है। बुकिंग के लिये जिस व्यक्ति को दर्शन करना होता है, उसका आधार नंबर देना जरूरी है। लाइन का पास भी आसान से नहीं मिलता। इसके लिए लोग 8 से 10 घंटे पहले पास विंडो के बाहर लाइन लगाकर बैठ जाते हैं।
वीआईपी, वीवीआईपी कोटे से जुड़े हो सकते हैं तार: मंदिर प्रबंध समिति से जुड़े लोग नाम न छापने की शर्त पर बताते हैं कि मंदिर समिति द्वारा वीआईपी, वीवीआईपी, प्रोटोकॉल प्राप्त नेता आदि के लिये भस्म आरती का कोटा निर्धारित है। रात 8 बजे के पूर्व तक इस कोटे की भस्म आरती बुक होती है। इसके बाद कोटा खाली रह जाता है तो उसकी जगह दूसरे व्यक्ति को भस्म आरती के परमिशन दी जा सकती है। हालांकि पुलिस गिरफ्त में आये युवक इसी तरीके से बुकिंग कराते थे इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इनका कहना: भस्म आरती बुकिंग के नाम पर सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर लोगों को ठगने वाले दो युवकों से रिमांड पर पूछताछ चल रही है। इसमें आरोपियों की संख्या बढऩे की संभावना है। दोनों को आज फिर से कोर्ट पेश करेंगे, और रिमांड मांगेंगे।
संजू चौहान, सीएसपी महाकाल थाना








