कांग्रेस ने बदले कई राज्यों के प्रभारी

बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने पंजाब और गुजरात समेत कई राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। इसके साथ ही जितेंद्र सिंह सहित कई नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संगठनात्मक बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल को अब असम का प्रभारी बनाया गया है। बघेल इससे पहले पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बघेल की जगह पायलट को पंजाब का प्रभार
कांग्रेस ने भूपेश बघेल की जगह पार्टी महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है। विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में पार्टी के भीतर चल रही खींचतान के बीच इस बदलाव को अहम माना जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिहाज से कई राज्यों में जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
कई नेताओं की जिम्मेदारियां बदलीं
कांग्रेस ने पंजाब और गुजरात के अलावा अन्य राज्यों के संगठनात्मक प्रभार में भी बदलाव किया है। वहीं, जितेंद्र सिंह समेत कई नेताओं को मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है।
पंजाब में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सचिन पायलट के सामने पार्टी नेताओं के बीच समन्वय बनाने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत करने की चुनौती होगी।









