Advertisement

24 घंटे में 5 डिग्री गिरा दिन का तापमान, ठंडी हवा से शहर कांपा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र, उत्तरी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और चक्रवार्ती तूफान मोंथा के असर से उज्जैन शहर में दिन का तापमान महज 24 घंटे में 5 डिग्री गिर गया। ठंडी हवा से शहर बुधवार को दिन से लेकर रात तक कंपकपाता रहा। बुधवार को दिन और रात के तापमान में 2.5 डिग्री का फासला रहा। अमूमन शहर में 4 से 6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा की गति भी काफी रही और इस दिन दिनभर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। हालांकि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात तापमान में मामूली बदलाव आया और पारा 21 डिग्री पर पहुंच गया।

Advertisement

सुबह से आज भी कोहरा और बादल छाए हुए हैं और सर्दी महसूस हो रही है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में शहर में मौसम का मिजाज एकदम बदला हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र और उत्तरी क्षेत्र में पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव के संकेत दिए थे। इस बीच आए चक्रवाती तूफान मोंथा ने मौसम में एकाएक बड़ा बदलाव कर दिया है। शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को भी बारिश भी हुई और इसके चलते मंगलवार शाम से शुरू हुआ धुंध का सिलसिला गुरुवार की सुबह तक जारी रहा। धुंध के साथ ओस की बूंदे भी गिरी।

गुरुवार को भी मौसम का मिजाज सुबह से ठंडा बना रहा। बीती रात भी अचानक ठंड बढऩे से सडक़ों पर जल्द ही चहलकदमी कम हो गई। लोग गर्म कपड़ों में दुबके नजर आए। जीवाजीराव वेधशाला में बुधवार-गुरुवार की रात न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री था। मंगलवार के मुकाबले दिन के तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई। वेधशाला के अनुसार उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवा से तापमान में कमी आई है , आसमान साफ होने पर हवा की गति तेज होगी और मौसम में ठंडक बढ़ जाएगी। वैसे इस बार ठंड का आगाज नवंबर के दूसरे सप्ताह में होने की उम्मीद थी लेकिन मौसम की दो प्रणालियों के सक्रिय होने के साथ चक्रवार्ती तूफान की दस्तक से पहले ही मौसम पूरी तरह से बदल गया है।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें