दिल्ली में दर्दनाक हादसा : लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग से 20 लोगों की मौत, कई घायल
लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में सुबह लगी आग, कई लोग घायल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, सुबह 8:50 बजे लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने तथा लोगों को बचाने का कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, अब तक बिल्डिंग से 37 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें से 6 से अधिक लोगों को बेसमेंट से बाहर निकाला गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए 10 फायर टेंडर मौके पर लगाए। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बिल्डिंग की पूरी जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी वह लगभग 6 मंजिला है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:51 बजे ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी थी। आग लगने के बाद शीशे तोड़े जाने से धुआं और आग बेसमेंट की ओर फैल गई।बताया जा रहा है कि इस भवन में एक होटल भी संचालित किया जा रहा था। प्रशासन और राहत टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।









