ट्रेन टिकट बुकिंग पर मिलेगी छूट 14 जनवरी से शुरू होगी नई सेवा

डिजिटल लेनदेन को बढ़वा देने के लिए रेलवे की नई पहल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट की डिजिटल बुकिंग पर यात्रियों को 14 जनवरी से तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी। रेलवे इस पहल से डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित कर रहा है। इससे दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को स्लीपर में 15 रुपए और एसी श्रेणियों में 30 से 60 रुपए तक की बचत होगी। यह सुविधा केवल ऑनलाइन बुकिंग पर लागू होगी जिसका लाभ 14 जुलाई तक यात्री उठा सकेंगे। इसके बाद योजना के फीडबैक के आधार पर आगे की समीक्षा की जाएगी।
दरअसल, यात्रियों को डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करने के लिहाज से रेलवे बोर्ड ने रेलवन ऐप पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में रेलवन ऐप पर आर-वॉलेट के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा दी जा रही है। इस बढ़ाने के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा यह निर्णय लिया है कि रेलवन ऐप पर अब आर-वॉलेट के अतिरिक्त सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को टिकट की कीमतों पर 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं आर-वॉलेट से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर पहले की तरह ३ फीसदी बोनस कैशबैक की सुविधा मिलती रहेगी।
बड़े शहरों की यात्रा करने वालों को मिलेगा लाभ रेलवे की इस पहल के तहत दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात, अहमदाबाद आदि शहरों की यात्रा करने वाले यात्री रेलवन एप सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
स्लीपर श्रेणी में दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों को करीब 15 रुपए की बचत होगी, वहीं फस्र्ट, सेकंड और थर्ड ऐसी में यात्रा करने वाले पैसेंजरों को 30 से लेकर 60 रुपए की छूट मिलेगी। इस पहल से सुगम यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
काउंटर से टिकट लेने वालों को नहीं मिलेगा लाभ
काउंटर से टिकट बुक करवाने वाले यात्रियों को इसका पहल का लाभ नहीं मिलेगा। रेलवन एप से ऑनलाइन अनारक्षित टिकट की बुकिंग करवाने वाले यात्रियों को 14 जनवरी से इसका लाभ मिलने लगेगा। रेलवे बोर्ड अन्य यात्रियों को भी डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे समय की भी बचत होगी।









