सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का पांचवां दिन

उज्जैन जिले से बाहर निकलकर शाजापुर के करेड़ी माता मंदिर पहुंच गए यात्री
आज शाम शाजापुर में होगा रात्रि विश्राम
उज्जैन। उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक निकाली जा रही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पांचवें दिन (शनिवार) को पचास किलोमीटर का सफर तय कर शाजापुर के कण्केश्वरी माता मंदिर (करेड़ी माता मंदिर) पहुंच गई। यहां यात्रियों ने दोपहर भोज किया और विश्राम किया। शाम तक यात्री ७ किलोमीटर का सफर तय कर शाजापुर पहुंचेंगे और यहां रात्रि विश्राम होगा।
उज्जैन जिले के अंतिम पाइंट देवाखेड़ा, जूनापानी मोड पर यात्रियों ने शुक्रवार को रात्रि विश्राम किया था। इस दौरान भजन-कीर्तन किया गया। सुबह यात्रियों ने स्नान किया, राष्ट्रगान गाया, भगवान श्रीराम की आरती की और उनसे यात्रा में चलने की शक्ति मांगी। फिर सफर शुरू हुआ। रामधुन गाते, भजन-कीर्तन गाते यात्री अगली मंजिल की तरफ बढ़ते चले गए।
करेड़ी माता मंदिर परिसर में यात्रियों के दोपहर में ठहरने और भोजन का इंतजाम किया गया। शाजापुर के तूफानसिंह चांदना यह व्यवस्था देख रहे हैं। शनिवार को तीस लोगों की टीम ने यात्रियों के लिए भोजन तैयार किया। चांदना ने बताया कि ५ हजार लोगों का भोजन तैयार करवाया था। इसमें पूडी, सब्जी, दो तरह का मीठा, नमकीन शामिल था।









