Advertisement

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर तलवार से उतार दिया मौत के घाट

चार पर हत्या का केस दर्ज, तलवार के वार से कटा युवक का सीना, मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज:नागदा। बिरलाग्राम थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक साथ बैठकर शराब पी रहे दो युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने तलवार से हमला कर दूसरे युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश (19) पिता रमेश और पड़ोस में रहने वाला मोहनलाल रविवार शाम करीब 4 बजे साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले गाली-गलौज हुई, फिर विवाद इतना बढ़ गया कि मोहनलाल ने तलवार निकाल ली।बताया जा रहा है कि पहला वार जयप्रकाश के हाथ पर किया गया। जान बचाने के लिए वह वहां से भागा, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसकी गर्दन पर तलवार से जोरदार वार कर दिया।

वार इतना गहरा था कि उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिरलाग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। रात करीब 9.30 बजे एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त तलवार भी जब्त कर ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहनलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चार लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं मृतक के परिजन का आरोप है कि चारों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

परिवार का इकलौता सहारा छिन गया

मृतक जयप्रकाश मजदूरी के साथ कैटरिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें