जबरन दूध पिलाया तो मर सकता है सांप जागरुक करने के लिए चलाएंगे अभियान

नागपंचमी पर भगतजी सेवा संस्थान करेगा आयोजन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सांप को दूध पिलाने से इंसान को पुण्य मिले या न मिले, मगर इसका दुष्प्रभाव यह होता है कि जबरदस्ती तरल पदार्थ पिलाने से उसकी मौत की आशंका बढ़ जाती है। सांपों की रक्षा के लिए लोगों को जागरुक करने और उनसे सुरक्षित रहने के लिए संस्था भगतजी सेवा संस्थान जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यक्रम में व्यायाम प्रेमी नागिन धुन पर एरोबिक्स करेंगे। धुन पर एरोबिक्स का प्रदर्शन करने वाले व्यायाम प्रेमियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
संयोजक मंगल बामनिया ने बताया भगतजी सेवा संस्थान पर्यावरण बचाओ – सरीसृप मुस्कुराओ थीम पर नागपंचमी के दिन सोमवार को सुबह 7 बजे कोठी रोड पर कार्यक्रम करेगा। कार्यक्रम के सूत्रधार शैलेंद्र व्यास रहेंगे। कार्यक्रम में सर्प विशेषज्ञ मुकेश इंगले भी उपस्थित रहेंगे। वे आमजन को विभिन्न प्रजातियों के सांपों को पहचानने, उनसे सुरक्षित रहने और उनके विष से बचने के उपाय बताएंगे।
नियमित भ्रमण करने वालों के लिए होगी स्पर्धा
इस दिन सुबह नियमित भ्रमण और व्यायाम करने वालों के लिए प्रतियोगिता होगी। स्पर्धा में नागिन की धुन पर एरोबिक्स एक्सरसाइज करने वाले व्यायाम प्रेमियों को सम्मानित किया जाएगा।









