भोपाल की युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर उज्जैन बुलाकर होटल में दुष्कर्म, आरोपी फरार

दर्शन के बहाने लाया था देवास का युवक, दो थाने भटकने के बाद तीसरे में केस दर्ज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भोपाल में रहने वाली युवती की सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर देवास के युवक से दोस्ती हुई। युवक उसे दर्शन के बहाने उज्जैन लाया। होटल में मारपीट कर उससे दुष्कर्म किया। दो थाने में भटकने के बाद युवती ने तीसरे थाने नीलगंगा में केस दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि भीमनगर भोपाल में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ब्यूटी पार्लर में फ्रीलांसर के रूप में काम करती है। एक माह पहले उसकी इंस्टाग्राम पर उसकी देवास के सुनील पिता जगदीश से दोस्ती हुई। दोनों मैसेज से बातचीत करते थे। सुनील ने उसे उज्जैन दर्शन के लिये मैसेज किया। 9 अगस्त को युवती सीहोर स्टेशन पहुंची। यहां से सुनील उसके साथ उज्जैन आया। दोनों दाऊदखेड़ी स्थित होटल आशीर्वाद में ठहरे। होटल में सुनील ने उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया।
10 अगस्त को रैपिडो से शहर में घुमाया और मंदिर बंद होने की बात कहकर वापस होटल ले आया। यहां सुनील ने युवती के साथ फिर से दुष्कर्म किया साथ ही किसी को बताने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। वापस जाने के लिये सुनील और युवती रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां मौका पाकर युवती सुनील के चंगुल से भागकर जीआरपी थाने पहुंच गई। जीआरपी पुलिस ने उसे महाकाल थाने पहुंचा दिया। महाकाल थाना पुलिस ने युवती की शिकायत सुनी और मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का होने से उसे वहां भेजा।
सहेली को बताई आपबीती
युवती ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी भोपाल में रहने वाली सहेली को फोन पर बताई जिसके बाद नीलगंगा थाने में सुनील के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि सुनील की तलाश की जा रही है।









