सड़क से सामान हटाया, जो नहीं माने उनका जब्त किया

अतिक्रमण पर एक्शन का दूसरा दिन… नए साल पर दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए हटाया जा रहा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साल के आखिरी दिनों और नववर्ष पर आने वाले लाखों दर्शनार्थियों की सुविधा और सुगम आवाजाही के लिए महाकाल क्षेत्र में शुरू की गई अतिक्रमण हटाने की मुहिम के दूसरे दिन भी पुलिस का एक्शन जारी रहा। गुरुवार को पुलिस श्री महाकालेश्वर मंदिर से कोर्ट मोहल्ला और बड़ा गणेश मंदिर से हरसिद्धि चौराहा तक अतिक्रमण हटाया। पुलिस को कार्रवाई करता देख अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस ने समझाइश देकर सड़क पर बैठकर और टेबल लगाकर पूजन सामग्री एवं अन्य चीजों बेचने वालों को हटाया, जो समझाइश से नहीं माने उनके साथ सख्ती की गई और सामान जब्त किया गया।
दरअसल, साल के अंतिम दिनों में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या बढऩे लगी है। नववर्ष पर इनकी संख्या लाखों में पहुंचने का अनुमान है, इसी के तहत बेहतर आवागमन और सुरक्षा के लिए सीएसपी कोतवाली राहुल देशमुख के निर्देशन और महाकाल टीआई गगन बादल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
भविष्य में नहीं करें अतिक्रमण
कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों, ठेले-फेरी वालों को भविष्य में फिर से अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई। इसके अलावा पुलिस महाकाल मंदिर क्षेत्र एवं आसपास के मार्गों पर आगामी दिनों में भी सुरक्षा, यातायात एवं क्राउड कंट्रोल को लेकर लगातार निगरानी करेगी।









