रात 11 बजे चली गोली, घर में छिपकर बचाई जान
युवक को चाकू अड़ाकर 1 लाख की फिरौती मांगी

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सरस्वती नगर में बदमाशों ने एक युवक पर पिस्टल से फायर किया। उसने घर में छुपकर जान बचाई और चिमनगंज थाने पहुंचकर दो बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि हितेश यादव पिता भारत यादव निवासी सरस्वती नगर ने दोस्त निहाल सिंह पिता पन्नालाल निवासी सरस्वती नगर के साथ आकर रवि डाबी और सावन लोहार के खिलाफ मारपीट, फिरौती मांगने और पिस्टल से फायर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हितेश ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात 9 बजे वह पंड्याखेड़ी जाने के लिए घर से निकला।
उसे रवि और सावन ने रास्ते में रोका व बोले कि हिंदुजा हाउसिंग फायनेंस का मेटर है हमारे साथ चलो। साथ जाने से इंकार किया तो उन्होंने मारपीट की। रात 2 बजे घर लौटा तो पड़ोस में रहने वाले निहाल ने बताया कि रवि और सावन रात 10.45 बजे घर आए थे। उन्होंने चाकू अड़ाकर 1 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
गुरुवार को रुपए देने को राजी हुआ तो थप्पड़ -मुक्के मारकर जाने लगे। कुछ दूर जाने के बाद रवि ने आवाज देकर फिर रोका और पिस्टल से फायर कर दिया। बचने के लिए निहाल सिंह घर में छुपा तो बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने बताया कि हितेश यादव ट्रेवल्स संचालित करता है। उसकी रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया है।
बदमाशों पर डेढ़ दर्ज केस पहले से दर्ज
पुलिस ने बताया कि रवि डाबी और सावन लोहार आदतन अपराधी हैं। उनके खिलाफ मारपीट, हफ्तावसूली जैसे अनेक मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। रवि के खिलाफ 12 और सावन के 6 रिकार्ड थाने में मिले हैं। रवि ने वर्ष 2017 में आखिरी बार अपराध किया था। दोनों की तलाश की जा रही है।









