हरिफाटक ओवरब्रिज को मिली सिक्स लेन बनाने की हरी झंडी

By AV News 1

राज्य साधिकार समिति में सीएस ने स्वीकृति दी, एमपीआरडीसी जल्द लगाएगा टेंडर…

महाकाल सवारी मार्ग चौड़ीकरण को भी स्वीकृति

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हरिफाटक ओवरब्रिज को सिक्स लेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय साधिकार समिति ने भी इस योजना को हरी झंडी दे दी है। एमपीआरडीसी ने इसके लिए 259 करोड़ रुपए की योजना तैयार की है। प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सिंहस्थ योजनाओं को लेकर 18 मार्च को भोपाल में हुई राज्य स्तरीय साधिकार समिति की बैठक में विभिन्न सडक़ों के साथ महाकाल सवारी मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया था। इसका काम नगर निगम को सौंपने का निर्णय लिया गया है। निगम अभी इसकी विस्तृत कार्य योजना (डीपीआर) तैयार कर रहा है।

डीपीआर तैयार होने के बाद इसका खर्चा सामने आ सकेगा। हरिफाटक ओवरब्रिज को महाकाल महालोक द्वार तक सिक्स लेन करने की योजना तैयार हो चुकी है। इस पर करीब 259 करोड़ रुपए का खर्च होने का अनुमान है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इसे स्वीकृति दे दी है और निर्देश दिया है कि यह काम जल्दी करना होगा, क्योंकि समय काफी कम बचा है।

सिंहस्थ में भीड़ प्रबंधन के लिए जरूरी
सिंहस्थ 2028 में 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। हरिफाटक ओवरब्रिज पर सबसे अधिक दबाव रहेगा। महाकाल मंदिर को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग होने के साथ ही पुराने शहर को जोडऩे के लिए यह उपयोगी है।

सिक्स लेन का काम तेज, ओवरब्रिज का काम भी जल्द होगा
एमपीआरडीसी ने इंदौर से उज्जैन तक सिक्स लेन बनाने का काम तेज कर दिया है। सडक़ों को चौड़ा किया जा रहा है और सांवेर के पास एक लाइन पर डामरीकरण भी कर दिया है। यह काम 2027 तक पूरा हो जाएगा। हरिफाटक ओवरब्रिज का टेंडर भी खुलने और एजेंसी तय होने के बाद यह काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।

स्वीकृति हो गई
हरिफाटक ओवरब्रिज चौड़ीकरण के लिए सीएस द्वारा ली गई बैठक में स्वीकृति मिल गई है। अन्य आंतरिक मार्गों के साथ महाकाल सवारी मार्ग चौड़ीकरण की भी स्वीकृति हुई है।
नीरजकुमार सिंह, कलेक्टर

Share This Article