साइट पर काम का कहकर ले गया, फिर किया दुष्कर्म

साइट पर काम का कहकर ले गया, फिर किया दुष्कर्म
थाने के बाहर छोडक़र भागा आरोपी, गिरफ्तार, जेल भेजा
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महिदपुर थाने के कड़ई गांव के रहने वाले एक मिस्त्री ने एक किशोरी को काम देने का झांसा दिया। वह उसे दूसरी साइट पर ले गया और उससे दुष्कर्म किया। जब परिजनों ने किशोरी की तलाश शुरू की तो मिस्त्री उसे छोडक़र भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया। यहां से जेल भेज दिया गया।
दरअसल, नागझिरी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। १7 जुलाई को दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने बताया था कि कड़ई का रहने वाला २१ साल का कान्हा पिता जगदीश परमार पेशे से मिस्त्री और ठेकेदार है। वह नक्षत्र गार्डन में चौकीदारी भी करता है। वह परिवार वालों से १६ जुलाई को यह कहकर किशोरी को अपने साथ ले गया था कि दूसरी साइट पर काम कराने ले जा रहा है। आरोपी उसे काम कराने के बजाय इधर-उधर घूमाता रहा और फिर नक्षत्र गार्डन स्थित अपने गार्ड रूम में ले गया। यहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
शाम तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस बात की जानकारी जब कान्हा को लगी तो वह किशोरी को नागझिरी थाने के बाहर छोडक़र भाग निकला। किशोरी जैसे-तैसे घर पहुंची और अपने साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया और आरोपी की खोजबीन शुरू की। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से जेल भेजने के आदेश हुए है।
रुनिजा की किशोरी कोरबा में मिली
उज्जैन। रुनिजा रेलवे स्टेशन के सामने से ११ जुलाई को लापता हुई किशोरी भाटपचलाना पुलिस को छत्तीसगढ़ के कोरबा से मिली। यहां से कोरबा की दूरी १२०० किलोमीटर है। उसे एक युवक अपने साथ ले गया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट पेश किया गया है। दरअसल , 11 जुलाई को रुनिजा की रहने वाली महिला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पोती रुनिजा रेलवे स्टेशन के सामने से कहीं चली गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन शुरू की तो यह 1200 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मिली। नाबालिग को रविशंकर पिता जगतपाल सिंह अपने साथ ले गया था। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से जेल भेज दिया गया।









