बेतवा नदी पर बच्चों की जान से खिलवाड़ हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर मांगा जवाब

डेम से आवागमन पर तत्काल रोक लगाई
कलेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया
जबलपुर। विदिशा जिले में उफनती बेतवा नदी के स्टॉप डैम पर जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चों का वीडियो वायरल होने के बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग और विदिशा कलेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
इधर, प्रशासन ने डेम से आवागमन पर तत्काल रोक लगाते हुए चौकीदार तैनात कर दिए हैं। विदिशा जिले के ग्राम पलोह के पास बने स्टॉप डेम से होकर चार गांवों के छात्र-छात्राएं रोजाना स्कूल पहुंचते थे। बारिश के कारण बेतवा नदी का जलस्तर बढऩे के बावजूद बच्चे डैम के संकरे मोहरों पर छलांग लगाकर स्कूल जाते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी मामले को गंभीर मानते हुए स्वत: संज्ञान लिया है।









