अस्पताल चकाचक, लेकिन कैंपस में गदंगी बरकरार

एनक्यूएएस की टीम के बाद देर रात को कलेक्टर पहुंचे चरक अस्पताल का हाल जानने

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। चरक अस्पताल मंगलवार को चकाचक नजर आया। अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था पुख्ता थी लेकिन बाहर परिसर के हालात चैंबर के गंदे पानी के कारण बदबूदार थे।
सोमवार को नेशनल हेल्थ सिस्टम की एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्युरेंस स्टैंडर्ड) टीम ने चरक अस्पताल का दौरा किया था। टीम की सदस्य रुपिंद्रर कौर चंडीगढ़, श्रीमती श्रीराम बेंद्रे औरंगाबाद और विजयचंद्र झा सीतामढ़ी बिहार यहां अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखने आए थे। करीब दो बजे तक चले निरीक्षण के दौरान टीम को यहां कई खामियां मिली।
उन्होंने सुधार के लिए व्यवस्था में परिवर्तन के सुझाव भी दिए। एनक्यूएएस की टीम के बाद सोमवार रात करीब साढ़े ९.३० बजे कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने चरक अस्पताल का दौरा किया। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट भी थे। कलेक्टर सबसे पहले अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे।
वहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मरीजों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी चार्ट का गहन अवलोकन किया। व्यवस्थाएं देखने के बाद उन्होंने अस्पताल के पूरे स्टाफ को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनने की सख्त हिदायत दी।
टीम को मिली खामियां
परिसर में थी बदबू, सीढिय़ों पर शराब की बोतलें
कई महीनों से सेप्टिक टैंक से रोजाना रिसाव (लीकेज) हो रहा है।
ड्रेनेज चौक होने गया और गंदगी बाहर आ गई।
भोजनशाला में मेन्यू बोर्ड पर सोमवार को दिए जाने वाले आहार की कोई जानकारी नहीं थी।
परिसर व वार्डों में साफ-सफाई का अभाव था।









