मोहल्ले का दादा हूं…यहां रहना है तो हर महीने 10 हजार देना पड़ेंगे

उज्जैन। वाल्मीकि नगर के समीप लोहार पट्टी में अपने परिचित के साथ फ्रीगंज जा रहे युवक के साथ एक युवक ने मारपीट की और मोहल्ले में रहने के लिए हर महीने 10 हजार रुपए देने की धमकी दी। मामले में माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि जाल स्कूल ग्राउंड के समीप वाल्मीकि नगर में रहने वाला ऑटो चालक बादल पिता कालू खरे (40) अपने परिचित राजा संगत के साथ मंगलवार को पैदल फ्रीगंज जा रहा था।
इसी दौरान वहीं रहने वाला नीलेश उर्फ नीलू संगत लोहार पट्टी के आगे सड़क पर पटाखे फोड़ रहा था। बादल ने उसे ऐसा करने से रोका तो नीलू ने कहा कि मोहल्ले का दादा हूं, यहां रहना है तो हर महीने १० हजार रुपए देना पड़ेंगे। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए बादल को थप्पड़ जड़ लिए और फिर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। फरियादी बादल खरे की शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।









