Popup Image

ग्राम सालनाखेड़ी में अचानक छतों से बरसे पत्थर, पथराव करने वालों में महिलाएं भी

आबकारी की महिला उपनिरीक्षक सहित तीन को गंभीर चोटें, नकदी और दस्तावेज लूटने का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज माकड़ौन। ग्राम सालनाखेड़ी में अवैध शराब की धरपकड़ करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला करने, पथराव और वाहनों में तोडफ़ोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना में आबकारी विभाग के छह शासकीय कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें महिला उपनिरीक्षक सहित दो आरक्षकों को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने कार्रवाई के दौरान जब्त की जा रही अवैध शराब, नकदी, पर्स और आईडी कार्ड भी लूट लिए।

मामले में माकड़ौन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 26 नवंबर को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब रखकर कहीं जाने की सूचना मिली। सूचना पर आबकारी टीम मौके पर पहुंची। वहां जगदीश चौहान हाथ में झोला लिए खड़ा मिला। पूछताछ के बाद झोले की तलाशी लेने पर उसमें हाथ भट्टी की कच्ची शराब के पाउच मिले।

Advertisement

आबकारी टीम जब शराब जब्ती की कार्रवाई कर रही थी, तभी जगदीश ने अपने परिवार के सदस्यों और अन्य साथियों को आवाज लगाकर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने आबकारी विभाग के कर्मचारियों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। टीम के साथ मारपीट और पथराव किया गया। वाहनों में तोडफ़ोड़ कर जब्त की जा रही अवैध शराब, नकदी, पर्स और शासकीय आईडी कार्ड लूट लिए गए। साथ ही कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

घटना के संबंध में आबकारी उपनिरीक्षक रानी सिंह की रिपोर्ट पर थाना माकड़ौन में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीश पिता रतनलाल चौहान (43) एवं कुलदीप पिता जगदीश चौहान (19), दोनों निवासी ग्राम सालनाखेड़ी को 26 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को आगामी दिन न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Advertisement

पूर्व में भी हो चुका है बैतूल टीम पर हमला
माकड़ौन थाना क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे सतमेला क्षेत्र 7 गांव से मिलकर बना है जो चुनाव आयोग की दृष्टि से भी अति संवेदनशील है। जिसमें रहवारी, बुखारी, हरूखेड़ी, रत्नाखेड़ी, मनासा सालनाखेड़ी व बगवाड़ा है। सालनाखेड़ी में 20 अगस्त 2019 में भी बैतूल पुलिस पर हमला हुआ था। उस समय भी अपराधी को पकडऩे पर ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला किया था जिसमें पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई थी व बैतूल के एसआई के साथ अन्य को गंभीर चोंट आई थी व पुलिस को बदमाश को छोड़कर भागना पड़ा था।

टीम की सराहनीय भूमिका-पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मनस्वी शर्मा के निर्देशन तथा एसडीओपी तराना विवेक कनोडिया के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इसमें थाना प्रभारी रविन्द्र कटारे, उपनिरीक्षक लालचंद शर्मा, रामचंद्र दलोदिया, सहायक उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक सूरज यादव तथा आरक्षक प्रकाशचंद्र मेहता, राजेन्द्र सिंह, कुंदन सिंह और रविन्द्र मुकाती की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें