80वें स्वतंत्रता दिवस पर मोदी ने फहराया तिरंगा, युवाओं के लिए बड़े ऐलान

नई दिल्ली, एजेंसी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। यह लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी का लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन था।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हथियारबंद नक्सलवाद का प्रभाव खत्म हो रहा है, लेकिन ‘दिमागी नक्सलियों’ से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहचानकर अलग-थलग करना होगा, ताकि देश की युवा पीढ़ी को गलत दिशा में जाने से रोका जा सके।
युवाओं के लिए बड़े ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए आत्मनिर्भरता, तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने ‘सप्तधारा’ के जरिए देश के विकास के लिए सात प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस करने की बात कही।
लाल पगड़ी में नजर आए मोदी
स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी इस बार गहरे लाल रंग की पारंपरिक बांधनी पैटर्न वाली राजस्थानी पगड़ी में नजर आए। पगड़ी में पीले और सफेद रंग का पैटर्न था। स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री की पगड़ी हर साल चर्चा का विषय रहती है।









